नई दिल्ली: महिला सशक्तीकरण पर आयोजित एक वेबिनार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि देश में हर क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़ी है। कई क्षेत्र महिलाओं की शक्ति, निर्णय लेने की क्षमता का प्रदर्शन कर रहे हैं। पीएम मोदी ने आगे कहा कि नारी शक्ति भारत की प्रगति की गति और पैमाने को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
उन्होंने ये भी कहा, "पिछले 9 वर्षों में भारत महिलाओं के नेतृत्व वाले विकास की दृष्टि से आगे बढ़ रहा है और इसे वैश्विक मंच पर ले जा रहा है। महिलाओं के नेतृत्व में विकास जी20 शिखर सम्मेलन में महत्वपूर्ण विषयों में से एक है। इस बजट में प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए 80 हजार करोड़ रुपए आवंटित किए गए हैं। पिछले 9 वर्षों में महिला स्वयं सहायता समूहों ने 6.15 लाख करोड़ रुपये का ऋण लिया है।"
उन्होंने कहा, "महिला सम्मान बचत प्रमाणपत्र योजना के तहत महिलाओं को 7.5 प्रतिशत ब्याज दर दिया जाएगा। पीएम आवास योजना ने उन महिलाओं को भी सशक्त बनाया है जो गृहिणी हैं। इस बजट में स्वयं सहायता समूहों में यूनिकॉर्न बनाने का विजन है। उन्होंने कहा कि भारत में आज इंजीनियरिंग, विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में महिलाओं के दाखिले का आंकड़ा 42 प्रतिशत है, जो अमेरिका जैसे विकसित देशों से कहीं अधिक है।
जानिए महिला सम्मान बचत प्रमाणपत्र योजना के बारे में
महिला सम्मान बचत प्रमाण पत्र के माध्यम से व्यक्ति महिला या बालिका के नाम पर जमा कर सकते हैं। अधिकतम निवेश सीमा 2 लाख रुपये है और निवेशक इस योजना के तहत 7.5 प्रतिशत की निश्चित ब्याज दर अर्जित कर सकते हैं।
ध्यान दें कि यह एक बार की योजना है और यह दो साल तक यानी मार्च 2025 तक उपलब्ध रहेगी। इस योजना में आंशिक निकासी का विकल्प उपलब्ध है। यह सरकार द्वारा समर्थित एक छोटी बचत योजना है। इसलिए इसमें कोई क्रेडिट जोखिम नहीं है।