लाइव न्यूज़ :

landslide in Idukki: केरल के इडुक्की में भूस्खलन, मकान ढहने से एक शख्स की मौत

By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: October 26, 2025 10:23 IST

landslide in Idukki: उसने कहा कि इस इलाके में रहना अब खतरनाक हो गया है क्योंकि भूस्खलन की आशंका अब भी है।

Open in App

landslide in Idukki: केरल के इडुक्की में आदिमाली के मन्नामकंदम में भूस्खलन के कारण कम से कम आठ मकान ध्वस्त हो गए जिससे 48 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई और उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि यह भूस्खलन जहां हुआ उसके पास ही राष्ट्रीय राजमार्ग को चौड़ा करने का काम किया जा रहा था। उसने बताया कि शनिवार रात हुई इस घटना में मारे गए व्यक्ति की पहचान लक्ष्मवीदु उन्नाथी निवासी बीजू के रूप में हुई है।

पुलिस ने बताया कि जिस आवासीय कॉलोनी में यह घटना हुई वहां लगभग 22 मकान थे और भूस्खलन के खतरे के कारण निवासियों को शनिवार को राहत शिविरों में स्थानांतरित कर दिया गया था।

आदिमाली ब्लॉक पंचायत सदस्य कृष्णमूर्ति ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग-85 के चौड़ीकरण के तहत पहाड़ी क्षेत्र से मिट्टी हटाई जा रही थी। उन्होंने कहा, ‘‘आवासीय कॉलोनी राजमार्ग के नीचे पहाड़ी की ढलान पर स्थित थी। पंचायत अधिकारियों ने भूस्खलन की आशंका के कारण एक नोटिस जारी किया था और 22 परिवारों को शनिवार शाम को आदिमाली स्थानांतरित कर दिया गया था।’’ उन्होंने बताया कि बीजू और उनकी पत्नी संध्या खाना बनाने के लिए देर रात घर लौट आए थे।

उन्होंने कहा, ‘‘जब वे अपने घर के अंदर थे तभी रात करीब साढ़े 10 बजे पहाड़ी से मिट्टी ढहकर घरों पर गिर गई। बीजू और संध्या अंदर फंस गए। भूस्खलन में करीब आठ मकान जमींदोज हो गए।’’ स्थानीय निवासियों ने पुलिस और अग्निशमन एवं बचाव सेवाओं को सूचित किया जिन्होंने बचाव अभियान शुरू किया। कृष्णमूर्ति ने कहा, ‘‘दोनों मलबे में फंस गए थे। पांच घंटे चले अभियान के बाद उन्हें बाहर निकाला गया लेकिन बीजू की मौत हो गई। संध्या को पहले आदिमाली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उसे बाद में अलुवा के एक अस्पताल में स्थानांतरित किया गया। उन्होंने बताया कि संध्या की हालत अब स्थिर है। निवासियों ने आरोप लगाया कि इस त्रासदी के लिए अवैज्ञानिक तरीके से सड़क का चौड़ीकरण किया जाना जिम्मेदार है।

एक निवासी सुल्फी ने कहा, ‘‘राजमार्ग निर्माण कार्य करने के लिए कोई सुरक्षा कदम उठाए बिना मिट्टी हटाई जा रही है। वे भूस्खलन के खतरे पर विचार किए बिना पहाड़ी ढलानों को साफ कर रहे हैं।’’ स्थानीय निवासी अनस का घर भूस्खलन के कारण पूरी तरह से नष्ट हो गया। उसने कहा कि निवासियों ने पहाड़ी में बड़ी दरारें देखी थीं और पंचायत अधिकारियों को सूचित किया था।

उसने कहा, ‘‘अधिकारियों ने शनिवार सुबह घटनास्थल का निरीक्षण किया था और भूस्खलन के खतरे के कारण हमें मकान खाली करने का नोटिस जारी किया था। हमें आदिमाली सरकारी विद्यालय शिविर में स्थानांतरित कर दिया गया था लेकिन राष्ट्रीय राजमार्ग का काम जारी रहा।’’ उसने कहा कि इस इलाके में रहना अब खतरनाक हो गया है क्योंकि भूस्खलन की आशंका अब भी है।

उसने कहा, ‘‘हमारे पास और कोई ऐसी जगह नहीं है जहां हम जा सकें। हमें नहीं पता कि हमें शिविर में कब तक रहना होगा। सरकार को हमारे पुनर्वास के लिए कदम उठाने चाहिए।’’ मृतक के एक रिश्तेदार ने बताया कि बीजू के बेटे की पिछले साल मौत हो गई थी और उनकी बेटी कोट्टायम में नर्सिंग की छात्रा है। आदिमाली पुलिस ने बीजू की मौत के संबंध में अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। 

टॅग्स :भूस्खलनकेरल
Open in App

संबंधित खबरें

भारतदक्षिण भारत के 5 राज्य में अभी 129 सांसद और परिसीमन के बाद होंगे 195?, कर्नाटक में 42,आंध्र प्रदेश में 38, तेलंगाना में 26, तमिलनाडु में 59 और केरल में 30?, अमित शाह ने समझाया गणित?

भारतउत्तर भारत में 200 और दक्षिण भारतीय राज्यों में केवल 60 सीट बढ़ेंगी?, विपक्षी दल ने कहा- पीएम मोदी-अमित शाह क्या कर रहे, देश को बांट रहे?

भारतहिंदी भाषी क्षेत्र में 38.1 से बढ़कर 43.1 प्रतिशत और दक्षिणी राज्यों की सीटें 24 से घटकर 20 प्रतिशत हो जाएंगी?, असदुद्दीन ओवैसी बोले- सरासर गलत?

क्राइम अलर्टविलासितापूर्ण जीवन जीना है?, सहपाठी मोहंती को नकली बंदूक दिखाकर कार में बैठाया, 50000 रुपये फिरौती, बिहार, झारखंड, केरल और बेंगलुरु के रहने वाले 4 आरोपी

क्राइम अलर्टKarnataka: केरल की किशोरी की चिक्कमगलुरु में मौत; लापता होने के कुछ दिनों बाद मिला शव

भारत अधिक खबरें

भारत20 साल बाद एक अणे मार्ग स्थित सीएम आवास को खाली किया पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार?, बुद्ध पूर्णिमा के दिन 7 सर्कुलर रोड में शिफ्ट, वीडियो

भारतबुद्ध पूर्णिमा पर लद्दाख पहुंचे अमित शाह, कारगिल में 10,000 लीटर प्लांट का ऐलान

भारतVIDEO: केदारनाथ में गूंजा कैलाश खेर का 'जय-जय केदारा', भक्ति में डूबे श्रद्धालु

भारत'BJP की पश्चिम बंगाल में जीत घुसपैठ रोकेगी और बांग्लादेशी मुसलमानों को भगाएगी': बांग्लादेशी सांसद को हुई चिंता, सदन में कहा- यह खतरनाक

भारतआधी रात के बाद बाहर निकलने से डरेंगी बेटियां?, नवनीत राणा ने कहा-यदि बंगाल में भाजपा की सरकार नहीं आई तो, वीडियो