जबलपुरः जबलपुर बरगी बांध में आज शाम एक हृदय विदारक हादसा हो गया जिसने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है. नर्मदा नदी पर बने इस विशाल जलाशय में अचानक आए भीषण आंधी-तूफान और तेज हवाओं के कारण यात्रियों से भरा एक क्रूज असंतुलित होकर गहरे पानी में समा गया. इस दर्दनाक हादसे के वक्त क्रूज पर करीब 30 लोग सवार बताए जा रहे हैं जो शाम के समय वाटर स्पोर्ट्स और क्रूजिंग का आनंद ले रहे थे. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पलक झपकते ही तेज लहरों के बीच क्रूज का संतुलन बिगड़ा और वह डूबने लगा जिसके बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई.
अब तक मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार राहत एवं बचाव दल ने पानी से 5 शव बरामद कर लिए हैं जबकि 15 लोगों को स्थानीय गोताखोरों और बचाव दल की मदद से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है. शेष अन्य लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं जिनकी तलाश में गोताखोर युद्ध स्तर पर जुटे हुए हैं.
जिला मुख्यालय से करीब 35 किलोमीटर दूर स्थित बरगी बांध में यह हादसा उस वक्त हुआ जब अचानक मौसम ने करवट ली और भारी बारिश के साथ तेज रफ्तार आंधी चलने लगी. बताया जा रहा है कि क्रूज बीच लहरों में फंसा हुआ था और इंजन उसे नियंत्रित करने की कोशिश कर रहा था लेकिन कुदरत के कहर के आगे तकनीक नाकाम साबित हुई और पानी का दबाव बढ़ने से नाव पलट गई.
घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस बल और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंच चुकी हैं. मोटर बोट और स्पीड बोट के जरिए जलाशय के बड़े हिस्से में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है. प्रशासनिक अधिकारियों में इस घटना को लेकर हड़कंप मचा हुआ है और आला अधिकारी खुद मौके पर मौजूद रहकर रेस्क्यू ऑपरेशन की निगरानी कर रहे हैं.
बरगी बांध जो अपनी विशालता और मध्य प्रदेश पर्यटन विभाग के रिसोर्ट के लिए जाना जाता है वहां सुरक्षा मानकों को लेकर भी अब सवाल उठने लगे हैं कि आखिर खराब मौसम की चेतावनी के बावजूद क्रूज को गहरे पानी में जाने की अनुमति कैसे दी गई. अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.
लेकिन प्रशासन ने लाइटों का इंतजाम कर लापता लोगों की खोज जारी रखी है. मुख्यमंत्री कार्यालय ने भी घटना का संज्ञान लिया है और घायलों के समुचित इलाज व बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं. बांध के किनारे बड़ी संख्या में पर्यटकों और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा है जिनके चेहरों पर दहशत साफ देखी जा सकती है.
51 साल पुराने इस बांध के इतिहास में यह एक बड़ी और दुखद जल त्रासदी मानी जा रही है क्योंकि नर्मदा नदी पर बने 30 बांधों में बरगी सबसे अहम है और यहां रोजाना सैकड़ों की संख्या में सैलानी पहुंचते हैं. फिलहाल अस्पताल पहुंचाए गए घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई है और मौतों का आंकड़ा बढ़ने की आशंका जताई जा रही है.
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि क्या क्रूज पर क्षमता से अधिक लोग सवार थे या फिर लाइफ जैकेट जैसे अनिवार्य सुरक्षा उपकरणों के वितरण में कोई लापरवाही बरती गई थी. समूचे जबलपुर संभाग में इस घटना के बाद शोक की लहर दौड़ गई है.
लोक निर्माण मंत्री सिंह डुमना एयरपोर्ट से सीधे पहुँचे बरगी बांध
लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने बरगी डेम में क्रूज पलटने की घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। घटना की सूचना मिलते ही श्री सिंह डुमना एयरपोर्ट से सीधे मौके पर पहुँचे तथा राहत और बचाव कार्य का जायजा लिया। सिंह ने संबंधित अधिकारियों को सर्च एवं रेस्क्यू ऑपरेशन में तेजी लाने के निर्देश दिए।
लोक निर्माण मंत्री श्री सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुये मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। श्री सिंह ने बताया कि क्रूज में 29 यात्री सवार थे, जिनमें से 15 को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि 4 मृतकों के शव बरामद किए गए हैं। शेष की तलाश का कार्य युद्ध स्तर पर जारी है।
लोक निर्माण मंत्री श्री सिंह ने घटना को अत्यंत गंभीर बताते हुए कहा कि राहत एवं बचाव कार्य पूर्ण होने के पश्चात घटना की विस्तृत जांच कराई जाएगी। उन्होंने सुरक्षित बचाये गये यात्रियों के समुचित उपचार के निर्देश दिये। लोक निर्माण मंत्री श्री सिंह के साथ सांसद श्री आशीष दुबे, विधायक श्री नीरज सिंह, विधायक श्री संतोष वरकड़े, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती आशा मुकेश गोंटिया भी मौके पर मौजूद हैं।