पटना: बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मुजफ्फरपुर की एक घटना का वीडियो जारी कर सूबे में सियासी तापमान बढ़ा दिया है. तेजस्वी यादव ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर एक वीडियो शेयर करते हुए भाजपा विधायक पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने दावा किया कि भाजपा विधायक समर्थकों के साथ एक घर में घुसे और मारपीट की. इस मामले को लेकर उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को भी निशाने पर लिया और कार्रवाई को लेकर सवाल खड़े किए हैं. तेजस्वी यादव ने अपने ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) हैंडल पर एक वीडियो साझा करते हुए लिखा कि मुजफ्फरपुर के भाजपा विधायक अपने समर्थकों के साथ वार्ड-48 में एक आम आदमी के घर पहुंचे और वहां मारपीट कर कानून व्यवस्था की धज्जियां उड़ाईं.
उन्होंने आरोप लगाया कि अगर कोई विधायक की बात नहीं सुनता तो उसके साथ कुछ भी हो सकता है. तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को चुनौती देते हुए कहा कि क्या उनमें अपने ‘गुंडे विधायक’ पर कार्रवाई करने की हिम्मत है? उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार कार्रवाई करने से पहले पीड़ित की जाति देखेगी, इसलिए न्याय की उम्मीद कम है. दूसरी तरफ मुजफ्फरपुर नगर विधायक रंजन कुमार ने इस पूरे मामले को लेकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है.
उन्होंने मिठनपुरा और सदर थाने में आवेदन देकर कन्हौली निवासी मुकुंद कुमार और पताही निवासी दिव्य प्रकाश पर सोशल मीडिया के जरिए छवि खराब करने, भ्रामक टिप्पणी करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है. विधायक का कहना है कि मुकुंद कुमार पिछले कई दिनों से सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ लगातार आपत्तिजनक बातें लिख रहा था. उनकी तस्वीर का गलत इस्तेमाल कर उनकी छवि खराब करने की कोशिश की गई.
इसी मामले में बात करने के लिए विधायक उसके घर पहुंचे थे. रंजन कुमार ने पुलिस को बताया कि बातचीत के दौरान आरोपी ने बदसलूकी की, खुद को अपराधी बताया और कहा कि वह पहले भी एके-47 मामले में जेल जा चुका है. विधायक के मुताबिक आरोपी ने धमकी दी कि वह उसी हथियार से सबको भून देगा. विधायक ने अपने आवेदन के साथ सोशल मीडिया पोस्ट के स्क्रीनशॉट भी पुलिस को सौंपे हैं.
मामले ने नया मोड़ तब लिया जब मुकुंद कुमार की पत्नी पिंकी कुमारी ने भी विधायक और उनके समर्थकों पर घर में घुसकर मारपीट करने का आरोप लगाया. उन्होंने भी थाने में शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. वहीं, मिठनपुरा थाना पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों से मिले आवेदन के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है. अब वायरल वीडियो, सोशल मीडिया पोस्ट और अन्य सबूतों की जांच की जा रही है.