चेन्नई: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के रूप में तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) प्रमुख विजय के शपथ ग्रहण के साक्षी बनने के लिए रविवार को हजारों लोग चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू इनडोर स्टेडियम में एकत्र हुए और पूरा परिसर उत्साह से सराबोर नजर आया। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी सहित कई प्रमुख हस्तियां समारोह में शामिल होने के लिए रविवार सुबह चेन्नई हवाई अड्डे पहुंचीं। इससे द्रविड़ राजनीति के गढ़ में हुए इस राजनीतिक बदलाव के राष्ट्रीय महत्व का संकेत मिलता है। समारोह स्थल के भीतर माहौल बेहद उत्साहपूर्ण दिखा।
सुबह से ही पहुंच रही भीड़ की भावनाओं को व्यक्त करते हुए एक समर्थक ने कहा, ‘‘हम थलापति की वजह से बहुत खुश हैं।’’ टीवीके नेता ‘बुस्सी’ आनंद स्टेडियम में सबसे पहले पहुंचने वालों में शामिल रहे। स्टेडियम में अति विशिष्ट व्यक्तियों की मौजूदगी के कारण और लोगों की भारी भीड़ को संभालने के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
कई समर्थक इस जीत को स्थापित राजनीतिक व्यवस्था के ध्वस्त होने के रूप में देख रहे हैं। अभिनेत्री सनम शेट्टी ने पत्रकारों से कहा कि यह क्षण तमिलनाडु की राजनीति के लिए एक बड़ी सफलता है। उन्होंने कहा, ‘‘बहुमत हासिल करने और इतिहास रचने के बावजूद... राजनीतिक समीकरणों में बदलाव से भरा पिछला एक सप्ताह इतना कठिन रहा कि हम चैन से सो नहीं पाए।
आज हम अपने प्रिय दलापति जोसेफ विजय के सुरक्षित हाथों में बेहतर तमिलनाडु के सपने के साथ चैन से सो पाएंगे।’’ टीवीके की जीत को उसकी अलग तरह की संरचना के लिए भी सराहा जा रहा है। समर्थकों ने कहा कि पार्टी के निर्वाचित विधायकों की सूची में बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हैं।
शेट्टी ने कहा, ‘‘यह एक बड़ा उदाहरण पेश करता है कि विधायक बनने के लिए धन, ताकत या प्रभाव की जरूरत नहीं होती। जनता की सेवा करने की अच्छी नीयत ही काफी है।’’ उन्होंने कहा कि पार्टी ‘‘बेदाग शुरुआत’’ के साथ सत्ता संभाल रही है। टीवीके विधायक वी पांडी ने कहा कि नयी सरकार महिलाओं के कल्याण और युवाओं को रोजगार देने को प्राथमिकता देगी।
उन्होंने प्रशासनिक बदलाव से जुड़ी चिंताओं को खारिज किया और भ्रष्टाचार से मुक्त ‘‘स्वच्छ और ईमानदार सरकार’’ देने का वादा किया। इस दिन का भावनात्मक महत्व विजय के पिता एस ए चंद्रशेखर के आवास पर सबसे अधिक दिखाई दिया। विजय की मां शोभा चंद्रशेखर ने नयी जिम्मेदारी को लेकर अपने बेटे पर पूरा भरोसा जताते हुए कहा, ‘‘विजय इसे अच्छी तरह निभाएंगे। मुझे उन पर पूरा विश्वास है।’’
अभिनेत्री त्रिशा सहित फिल्म जगत की कई हस्तियां समारोह में शामिल होने के लिए अपने आवासों से रवाना होती दिखीं। यह समारोह संयोग से मातृ दिवस के दिन हो रहा है और कई परिजनों तथा समर्थकों ने इसे ‘‘तमिलनाडु के सच्चे बेटे’’ के लिए एक अच्छी शुरुआत बताया। विजय के शपथ लेते ही वह राज्य के इतिहास में पहले ऐसे अभिनेता बन जाएंगे, जो अपने पहले ही चुनावी प्रयास में मुख्यमंत्री पद तक पहुंच गए।