कौन हैं सेंथिल कुमार और लक्ष्मी प्रिया?, तमिलनाडु सरकार ने 2 आईएएस अधिकारियों को मुख्यमंत्री विजय का सचिव नियुक्त किया
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: May 10, 2026 18:06 IST2026-05-10T18:05:45+5:302026-05-10T18:06:43+5:30
तमिलनाडु में टीवीके प्रमुख जोसेफ विजय ने रविवार को पूर्व निर्धारित प्रारूप से हटकर और अपनी शक्ति एवं सामर्थ्य को दर्शाने के लिए हाथ के इशारे करके शपथ ग्रहण समारोह को एक प्रभावशाली शपथ भाषण में बदलने का प्रयास किया।

Thalapathy Vijay Oath Ceremony Live Update
चेन्नई: तमिलनाडु सरकार ने भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के दो अधिकारियों को आधिकारिक रूप से मुख्यमंत्री चंद्रशेखर जोसेफ विजय का सचिव नियुक्त किया। तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) अध्यक्ष विजय ने रविवार को ही मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है।
राज्य सरकार के एक आदेश में कहा गया है कि स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग में अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. पी. सेंथिल कुमार का तबादला कर उन्हें मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव-प्रथम के पद पर तैनात किया गया है। आदेश के मुताबिक आदि द्रविड़ और जनजातीय कल्याण विभाग की सचिव जी लक्ष्मी प्रिया का तबादला कर उन्हें मुख्यमंत्री के सचिव-द्वितीय के पद पर तैनात किया गया है।
तमिलनाडु में टीवीके प्रमुख जोसेफ विजय ने रविवार को पूर्व निर्धारित प्रारूप से हटकर और अपनी शक्ति एवं सामर्थ्य को दर्शाने के लिए हाथ के इशारे करके शपथ ग्रहण समारोह को एक प्रभावशाली शपथ भाषण में बदलने का प्रयास किया। हालांकि, राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने हस्तक्षेप किया और उन्हें आधिकारिक शपथ के प्रारूप तक ही सीमित रहने को कहा।
राज्यपाल द्वारा शपथ दिलाना शुरू करते ही विजय ने पूर्व निर्धारित प्रारूप से हटकर बोलना शुरू किया, ‘‘मैं, सी. जोसेफ विजय, भारत के विधिवत स्थापित संविधान के प्रति निष्ठावान रहूंगा... तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के रूप में, मैं ईमानदारी और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वाह करूंगा। मैं कानून के शासन का पालन करूंगा, ईमानदारी से काम करूंगा, घृणा को दूर करूंगा और जनता के सभी वर्गों के लिए ईमानदारी से काम करूंगा। मैं ईश्वर की कसम खाकर यह शपथ लेता हूं।’’
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रविवार को सी जोसेफ विजय के तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण करने पर उन्हें बधाई दी और कहा कि राज्य ने एक नयी पीढ़ी, एक नयी आवाज तथा एक नयी कल्पना को चुना है। कमल हासन और आर माधवन सहित कई हस्तियों ने टीवीके अध्यक्ष चंद्रशेखर जोसेफ विजय को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री बनने पर बधाई दी और इसे ‘‘ऐतिहासिक जीत’’ बताया।
विजय ने रविवार को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के रूप में आधिकारिक तौर पर शपथ ली। यह समारोह चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम में आयोजित किया गया, जहां राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने उन्हें पद की शपथ दिलाई।