पंजाब के तरनतारन जिले में एक ऑनर किलिंग का मामला सामने आया है। एक दंपति की रविवार (15 सितंबर) को हत्या कर दी है। मामले में पुलिस ने नौ लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक सारे आरोपी दंपति के करीबी रिश्तेदार हैं। 21 वर्षीय अमरप्रीत कौर ने 24 वर्षीय अमनदीप सिंह के साथ प्रेम-विवाह किया था। अमरप्रीत कौर के परिवार वाले इस शादी के खिलाफ थे। शुरुआती जांत में पता चला कि हत्या के पीछे लड़की के भाईयों का हाथ है।
इंडिया टूडे के मुताबकि दपंति रविवार सुबह स्थानीय गुरुद्वारे में पूजा करने के बाद घर लौट रहे थे। इसी दौरान आरोपियों ने इन्हें राजा लात इलाके के पास से अगवा कर लिया। इसके बाद दोनों को नौशेरा ढाला गांव ले जाया गया।
इसके बाद दोनों दंपति को कार से उतारकर कुछ दूर घसीटा गया। पुलिस के मुताबिक पहले दंपति को कार से रौंदा गया। उनके ऊपर कई बार कार चढ़ाया गया। बाद में आरोपियों ने काफी नजदीक से इनपर गोली चलाई। उसके बाद धारधार हथियार से उनके शरीर के टुकड़े-टुकड़े किये गये।
पुलिस ने इस घटना के बाद से अमरप्रीत कौर के माता-पिता को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि पूछताछ के बाद माता-पिता को पुलिस ने छोड़ दिया है। इस मामले में सराय अमानत खान पुलिस स्टेशन मामले में केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल आरोपी भाईयों को पुलिस गिरफ्तार नहीं कर पाई है।