अपने बयानों के कारण अभिनेता प्रकाश राज हमेशा चर्चा में रहते हैं। अब प्रकाश राज ने मोदी सरकार पर गिरती अर्थव्यवस्था पर हमला किया है। उनका ये ट्वीट सोशल मीडिया पर छा गया है। शुक्रवार को सामने आए आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक लगातार ये छठी तिमाही है जब जीडीपी के बढ़ने की दर में गिरावट आई है। सबसे चिंताजनक खबर ये है कि इंडस्ट्री की ग्रोथ रेट 6.7% से गिरकर सिर्फ आधा परसेंट यानी केवल 4.5 फीसदी रह गई है।
प्रकाश राज सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहते हैं। वह सामाजिक और राजनीतिक हर एक मुद्दे पर अपनी राय व्यक्त करते रहते हैं। अब उन्होंने देश की अर्थव्यवस्था को देखते हुए मोदी सरकार पर हमला किया है।
ऐसे में उन्होंने एक फोटो शेयर की और मोदी सरकार पर निशाना साधा है। प्रकाश ने ट्वीट करते हुए लिखा है कि अर्थव्यवस्था आईसीयू में है। विकास और विश्वास इन्क्यूबेटर में है। हम किससे सवाल पूछें.... नेहरू से या टीपू सुल्तान से ...बस पूछ रहा हूं।
प्रकाश राज ने जो फोटो सोशल मीडिया पर शेयर की है उसमें वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण संसद में बोलती नजर आ रही हैं। उनके पीछे मंत्री सोते नजर आ रहे हैं। दरअसल वित्त मंत्री देश की अर्थव्यवस्था की दशा पर राज्यसभा में हो रही चर्चा में बोल रहीं थीं, केंद्रीय कौशल विकास मंत्री महेंद्र नाथ पांडेय और उनकी बाईं ओर बैठे केंद्रीय इस्पात राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते सदन में बैठकर झपकी लेते दिखे, जबकि केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री और बीजेपी सांसद अनुराग ठाकुर जम्हाई ले रहे थे। ये तस्वीर जमकर वायरल हो रही है।