लाइव न्यूज़ :

छल-कपट सीखता एआई और खत्म होती नैतिकता का संकट

By लोकमत समाचार ब्यूरो | Updated: February 26, 2025 09:52 IST

हम मनुष्यों के ट्रायल एंड एरर की दिशा यही रही है कि अपनी सुख-सुविधा के लिए बाकी सब का अधिक से अधिक शोषण कैसे किया जाए.

Open in App

हेमधर शर्मा

दुनिया में भले ही अनगिनत प्रजातियों के जीव रहते हों लेकिन ईमानदारी और बेईमानी कदाचित हम मनुष्यों की ही विशेषता रही है. इसलिए यह खबर चिंता पैदा करने वाली हो सकती है कि एआई (आर्टिफिशियल इंजेलिजेंस) ने अच्छी-खासी बेईमानी सीख ली है. चूंकि वह ‘ट्रायल एंड एरर’ का उपयोग करके समस्याओं को हल करना सीखता है, इसलिए असंभव नहीं है कि यह जल्दी ही हम मनुष्यों के नियंत्रण से बाहर हो जाए, क्योंकि उसका लक्ष्य किसी भी तरीके से समस्या समाधान करना होता है.

रिसर्च फर्म पैलिसेड रिसर्च के एक अध्ययन से पता चला है कि एआई मॉडल जब शतरंज जैसे खेल में हारने लगता है तो अपने प्रतिद्वंद्वी को हैक करके खेल को अपने पक्ष में करने की कोशिश करता है अर्थात एआई मॉडल जब मुश्किल में होते हैं, तो नियमों से खेलने के बजाय अप्रत्याशित तरीके अपनाने लगते हैं. परीक्षण के दौरान ओपन एआई के मॉडल ओ1-प्रिव्यू ने 37 प्रतिशत बार धोखाधड़ी करने की कोशिश की, जबकि डीपसीक आर1 ने 11 प्रतिशत बार ऐसा किया.

बेईमानी हम इसीलिए करते हैं कि वह किसी समस्या के समाधान का शॉर्टकट उपलब्ध कराती है. चूंकि हम उसके साइड इफेक्ट को जानते हैं और अनुभव से हमें पता होता है कि दीर्घावधि में वह हानिकारक होती है, इसलिए हम ईमानदार बने रहने की कोशिश करते हैं. लेकिन एआई को तो सिर्फ साध्य से मतलब है, साधन अच्छा है या बुरा, इससे उसे कोई फर्क नहीं पड़ता. बेईमानी करके भी उसके भीतर कोई अपराधबोध पैदा नहीं होता, क्योंकि उसमें न तो संवेदना होती है और न ही नैतिकता!

यही कारण है कि जैसे-जैसे क्षमता बढ़ेगी, उसे नियंत्रित करना मुश्किल होता जाएगा. ओपन एआई के परीक्षण के दौरान ओ1 ने कंपनी की प्रणाली में एक खामी का फायदा उठाते हुए एक परीक्षण चुनौती को बायपास कर दिया था. जाहिर है कि मनुष्यों की बनाई चीजों में कुछ न कुछ खामियां तो रहेंगी ही लेकिन उन खामियों को बताकर उन्हें दूर करने की बजाय एआई जब उनका फायदा उठाने लगेगा तो उससे होने वाले नुकसान की शायद अभी हम कल्पना भी नहीं कर सकते!

चूंकि एआई को हम मनुष्यों ने ही बनाया है, इसलिए उसमें जाने-अनजाने हमारी सारी अच्छी-बुरी विशेषताएं और पूर्वाग्रह भी आ गए हैं. जैसे धोखा देना तो उसने सीख ही लिया है, अपराधी प्रकृति के बुरे मनुष्यों के बारे में उससे पूछा जाए तो आमतौर पर वह अश्वेतों की ही इस रूप में कल्पना करता है!

बेशक हम मनुष्य इस दुनिया के सबसे बुद्धिमान प्राणी हैं, लेकिन हकीकत यह भी है कि धरती के सारे प्राकृतिक संसाधनों और मनुष्येतर प्राणियों का (यहां तक कि कमजोर मनुष्यों का भी) हमने अपनी सुख-सुविधा के लिए ही इस्तेमाल किया है. हम मनुष्यों के ट्रायल एंड एरर की दिशा यही रही है कि अपनी सुख-सुविधा के लिए बाकी सब का अधिक से अधिक शोषण कैसे किया जाए. फिर जब हम मशीनों को अपनी गलतियों से सीखकर आगे बढ़ने की छूट देते हैं तो उनसे छल-कपट के अलावा और क्या सीखने की उम्मीद कर सकते हैं?

हम मनुष्यों को तो भगवान ने अंतरात्मा नाम की एक अदृश्य चीज भी दी है, जो बुराई के पथ पर ज्यादा आगे बढ़ने से हमें रोकती रहती है, लेकिन मशीनें तो इस स्वानुशासन से भी मुक्त हैं; फिर ऐसे में जब वे हमें धोखा देने में महारत हासिल कर लेंगी तो उनके कहर से हमें कौन बचाएगा?

ताजा खबर है कि चीन में एक इवेंट में एआई रोबोट दर्शकों पर घूंसे बरसाने लगा. कहीं यह भविष्य की झलक तो नहीं!

टॅग्स :आर्टिफिशियल इंटेलिजेंससोशल मीडियाTechnology Development Board
Open in App

संबंधित खबरें

ज़रा हटके'चिंकी-मोमो', 'चाइनीज' कहकर किया अपमान, अरुणाचल से आई डांस टीम के साथ पटना में बदसलूकी; VIDEO वायरल

कारोबारदर्द कोई समझे, रील्स से बर्बादी तक?, कैसे पर्यटक और कंटेंट क्रिएटर्स पंपोर सरसों खेतों को पहुंचा रहे हैं नुकसान?

ज़रा हटकेVIRAL VIDEO: जब ट्रेन में जवानों के लिए 'देवदूत' बना टीटीई, सोशल मीडिया पर वायरल हुआ दिल जीतने वाला पल

क्राइम अलर्टAI के कारण अमेरिका में नौकरी खो दी?, मुस्लिम लड़की शाज़िया सिराज से शादी, बेरोजगार सॉफ्टवेयर इंजीनियर बानू चंद्र रेड्डी और पत्नी ने दी जान, सुसाइड नोट में लिखा-परिवार ने नहीं दिया साथ?

कारोबार30,000 कर्मचारियों को नौकरी से निकाल रहा है Oracle, ईमेल के बाद शुरू हुई छंटनी

टेकमेनिया अधिक खबरें

टेकमेनियाएआई: तकनीकी प्रगति या पर्यावरणीय संकट? 

टेकमेनियाPoco M8 5G Launched in India: 50MP कैमरा, 5520mAh बैटरी और 15,999 की लॉन्च कीमत

टेकमेनियाThe Realme 16 Pro 5G Price: 7000mAh की दमदार बैटरी के साथ इंडिया में लॉन्च हुआ Realme 16 Pro 5G, जानें कीमत, फीचर्स और भी बहुत कुछ

टेकमेनियाGoogle Doodle Today: नए साल के पहले दिन पर गूगल ने बनाया खास डूडल, जानिए क्यों है ये खास

टेकमेनियाYouTube down: यूट्यूब हुआ डाउन, भारत और यूएस में हजारों यूजर्स ने वीडियो स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म के साथ समस्याओं की शिकायत की