लाइव न्यूज़ :

ब्लॉग: नीतीश के पालाबदल के राजनीतिक निहितार्थ

By राजकुमार सिंह | Updated: January 30, 2024 10:31 IST

इस घटनाक्रम की चर्चा इसलिए क्योंकि नीतीश ने अपने ताजा पालाबदल के लिए कांग्रेस के चलते ‘इंडिया’ की निष्क्रियता तथा राजद की शासकीय और राजनीतिक प्राथमिकताओं को जिम्मेदार ठहराया है, पर ये दोनों ही अलग-अलग हैं।

Open in App

याद नहीं पड़ता कि जिस मुख्यमंत्री ने दोपहर को त्यागपत्र दिया हो, उसी ने शाम को फिर शपथ ले ली हो. यह कीर्तिमान बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 28 जनवरी को बनाया। 17 महीनों से नीतीश राजद-जदयू-कांग्रेस महागठबंधन सरकार के मुख्यमंत्री थे। रविवार को त्यागपत्र देकर फिर उसी एनडीए की सरकार के मुख्यमंत्री बन गए, जिसे छोड़ कर महागठबंधन में आए थे। तब एनडीए की अगुवा भाजपा के बारे में तल्ख टिप्पणियां की थीं।

कभी वापस न जाने का संकल्प भी जताया था। वैसा ही कुछ अब महागठबंधन के मित्र दलों- राजद और कांग्रेस के बारे में कहा है। भारतीय राजनीति में दलबदल और पालाबदल अब अप्रत्याशित घटनाएं नहीं रह गई हैं। फिर जेपी आंदोलन से निकले समाजवादी पृष्ठभूमिवाले नीतीश तो इसकी मिसाल बन चुके हैं। एक दशक में चार बार और चार साल में दो बार पालाबदल कर वह कुल नौवीं बार बिहार के मुख्यमंत्री बने हैं। कभी नीतीश को सांप्रदायिक राजनीति देश-समाज के लिए बड़ा खतरा नजर आती है तो कभी परिवारवाद व भ्रष्टाचार सबसे बड़ी चुनौती दिखते हैं।

इस अतीत के बावजूद नीतीश के ताजा पालाबदल ने ज्यादा चौंकाया तो इसलिए कि उन्होंने दोबारा भाजपा के साथ जाने से मरना बेहतर बताया था और 10 साल पुरानी नरेंद्र मोदी सरकार को केंद्रीय सत्ता से बेदखल करने के वादे-इरादे से 28 विपक्षी दलों के गठबंधन ‘इंडिया’ के गठन में सूत्रधार की भूमिका भी निभाई थी।

बेशक सात महीने बीत जाने के बावजूद उन्हें ‘इंडिया’ का पीएम फेस या संयोजक नहीं बनाया गया, लेकिन अग्रणी नेता स्वाभाविक ही थे। यह भी तथ्य है कि ममता बनर्जी, के. चंद्रशेखर राव, अखिलेश यादव और अरविंद केजरीवाल की भाजपा-कांग्रेस से समान दूरी के आधार पर तीसरा मोर्चा बनाने की पैरवी के बीच नीतीश ने ही स्टैंड लिया था कि भाजपा को हराना है तो कांग्रेस को साथ लेकर सिर्फ एक ही मोर्चा बनाना पड़ेगा। उन्हें इस मुहिम में सफलता भी मिली, जब 28 विपक्षी दल ‘इंडिया’ बैनर तले साथ आ गए, पर उसके बाद गठबंधन अपेक्षित गति नहीं पकड़ पाया। पिछले साल नवंबर में हुए पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में तो ‘इंडिया’ के घटक दलों में आपसी टकराव भी दिखा।

दोनों ही स्थितियों के लिए ज्यादातर ने कांग्रेस को जिम्मेदार माना। हिंदी पट्टी के तीनों बड़े राज्यों- राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की करारी हार के बाद ‘इंडिया’ की बैठक तो हुई, लेकिन फैसले नहीं हो पाए। मुंबई बैठक में बनी समितियां भी कागजों से जमीन पर नहीं उतर पाईं। नीतीश समेत कई लोगों ने कांग्रेस से सीट बंटवारे में तेजी लाने को कहा, पर कोई परिणाम नहीं निकला और इसी बीच राहुल गांधी अपनी भारत जोड़ो न्याय यात्रा पर निकल गए।

इस घटनाक्रम की चर्चा इसलिए क्योंकि नीतीश ने अपने ताजा पालाबदल के लिए कांग्रेस के चलते ‘इंडिया’ की निष्क्रियता तथा राजद की शासकीय और राजनीतिक प्राथमिकताओं को जिम्मेदार ठहराया है, पर ये दोनों ही अलग-अलग हैं। अगर कांग्रेस के चलते ‘इंडिया’ अपेक्षित रूप से सक्रिय नहीं हो पा रहा था तो गठन के सूत्रधार रहे नीतीश अन्य घटक दलों के साथ मिल कर दबाव बना सकते थे या कांग्रेस के बिना भी उसे सक्रिय किया जा सकता था। पर वे जिस भाजपा को केंद्रीय सत्ता से बेदखल करने का संकल्प जता रहे थे, उसी के साथ चले गए!

टॅग्स :नीतीश कुमारबिहारBihar BJPआरजेडीजेडीयू
Open in App

संबंधित खबरें

भारतबिहार: सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनते ही उठने लगी है शराबबंदी कानून को खत्म करने की मांग

क्राइम अलर्टबिहार के मुजफ्फरपुर जिले में ढाबा पर चल रहे सेक्स रैकेट के धंधे का पुलिस ने किया भंडाफोड़, देह व्यापार कराने के साथ बनाया जा था उनका अश्लील वीडियो

भारतजदयू के कार्यक्रम में नीतीश कुमार के नाम पर फफक-फफक कर रो पड़े पूर्व मंत्री अशोक चौधरी, निशांत ने बंधाया ढ़ाढस

भारतबिहार के नए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के सामने होंगी कई चुनौतियां, नीतीश कुमार की जगह लेना किसी अग्नि परीक्षा से कम नहीं

भारतकौन हैं विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव?, क्यों नीतीश कुमार करते हैं सबसे अधिक भरोसा?, वीडियो

भारत अधिक खबरें

भारतऐसे तो उद्योगों का भला नहीं होने वाला है...!  

भारतNari Shakti Vandan Adhiniyam: महिलाएं राजनीति में सुधार ला सकेंगी?

भारतNari Shakti Vandan Adhiniyam: समावेशी लोकतंत्र की निर्णायक दिशा में कदम

भारतदक्षिण भारत के 5 राज्य में अभी 129 सांसद और परिसीमन के बाद होंगे 195?, कर्नाटक में 42,आंध्र प्रदेश में 38, तेलंगाना में 26, तमिलनाडु में 59 और केरल में 30?, अमित शाह ने समझाया गणित?

भारतमध्यप्रदेश: आचार्य शंकर की गुरु एवं संन्यास भूमि ओंकारेश्वर में मनाया जाएगा एकात्म पर्व, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सहित द्वारका शंकराचार्य सदानंद सरस्वती करेंगे शुभारंभ