ओडेन्से (डेनमार्क), 18 अक्टूबर: भारत की शीर्ष बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल ने गुरुवार को यहां चार साल में पहली बार विश्व रैंकिंग में दूसरे नंबर की जापानी खिलाड़ी अकाने यामागुची को पराजित कर डेनमार्क ओपन के क्वॉर्टर फाइनल में प्रवेश किया।
ओलंपिक कांस्य पदकधारी साइना रैंकिंग में खिसककर 27वें स्थान पर पहुंच गई हैं। उन्होंने महज 36 मिनट तक चले प्री क्वार्टरफाइनल मुकाबले में दूसरी वरीय यामागुची पर 21-15 21-17 से आसान जीत दर्ज की। अब 28 वर्षीय भारतीय का सामना शुक्रवार को क्वॉर्टर फाइनल में दुनिया की तीसरे नंबर की जापानी खिलाड़ी नोजोमी आकुहारा से होगा।
यह साइना की अपने करियर में यामागुची पर दूसरी जीत है। दोनों के बीच मुकाबलों में जापानी खिलाड़ी छह बार फतह हासिल कर चुकी है। साइना ने पिछली बार यामागुची को 2014 में चाइना ओपन में हराया था।
इसके बाद से जापानी खिलाड़ी ने भारतीय खिलाड़ी पर दबदबा बनाना शुरू कर दिया था। इस साल भी इससे पहले दोनों के बीच दो भिड़ंत हुई थीं जिसमें यामागुची ने मई में उबेर कप और जून में मलेशिया ओपन में साइना को पराजित किया था।