मुंबई: लता मंगेशकर के निधन की खबर आने के बाद देश सहित पूरी दुनिया से शोक संदेश आ रहे हैं। पड़ोसी देश पाकिस्तान में भी लता मंगेशकर के निधन पर शोक प्रकट किया जा रहा है। हिंदी मराठी, तमिल, भोजपुरी समेत कई भाषाओं में 25 हजार से अधिक गाने गा चुकीं लता मंगेशकर का निधन रविवार सुबह मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में हुआ।
इमरान खान के मंत्री ने जताया दुख
लता मंगेशकर के निधन पर पाकिस्तान के सूचना और प्रसारण मंत्री फवाद चौधरी ने कहा कि लता मंगेशकर ने संगीत की दुनिया पर दशकों तक राज किया। फवाद चौधरी ने लता मंगेशकर को श्रद्धांजलि देते हुए ट्विटर पर लिखा, 'एक दिग्गज अब नहीं रहा। लता मंगेशकर सुरों की मलिका थीं जिन्होंने म्यूजिक की दुनिया पर दशकों तक राज किया। उनकी आवाज आने वाले दिनों में भी लोगों के दिलों पर राज करती रहेगी।'
वहीं, पाकिस्तान के कॉमी आवामी तहरीक (QAT) के प्रेसिडेंट और लेखक अयाज लतिफ पालिजो ने लता मंगेशकर का एक गाना शेयर करते हुए लिखा, 'लता जी आप हमारी आवाज थीं। आप इस उपमहाद्वीप का हृदय थीं। पूरा पाकिस्तान आपने निधन पर शोक मना रहा है।'
लता मंगेशकर के निधन पर कई पाकिस्तानी आम यूजर्स ने भी सोशल मीडिया के जरिए दुख जताया। सैमा खातरी ना की यूजर ने लिखा, 'सच में लता जी के निधन के बारे में जानकर दुखी हूं।'
वहीं एक और यूजर ने लिखा, ऐसी आवाज जिसका कोई डुप्लीकेट नहीं हो सकता।
बता दें कि लता मंगेशकर कोविड संक्रमित होने के बाद पिछले कई दिनों से बीमार चल रही थीं। वे अस्पताल में भर्ती थीं। बीच में उनकी तबीयत में सुधार की भी खबरें आई थीं। हालांकि स्वास्थ्य बिगड़ने के बाद शनिवार को उन्हें दोबारा वेंटिलेटर पर रखा गया था और वह लगातार डॉक्टरों की निगरानी में थीं। लता मंगेशकर को आठ जनवरी को ब्रीच कैंडी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया था।