लाइव न्यूज़ :

नोवाक जोकोविच ने 8वीं बार जीता ऑस्ट्रेलिया ओपन का खिताब

By भाषा | Updated: February 2, 2020 19:22 IST

सर्बिया के नोवाक जोकोविच ने डोमीनिक थीम को 6-4, 4-6, 2-6, 6-3, 6-4 से हराकर आठवीं बार ऑस्ट्रेलिया ओपन के पुरुष एकल का खिताब जीता।

Open in App

सर्बिया के नोवाक जोकोविच ने बेहद कड़े मुकाबले में डोमीनिक थीम को हराकर रविवार को रिकॉर्ड आठवीं बार ऑस्ट्रेलिया ओपन का पुरुष एकल का खिताब जीता और इसके साथ ही उनका आगामी रैंकिंग में नंबर एक पुरुष खिलाड़ी बनना तय हो गया।

दूसरे वरीय जोकोविच ने 1-2 से पिछड़ने के बाद जोरदार वापसी करते हुए ऑस्ट्रिया के पांचवें वरीय थीम को पांच सेट चले मुकाबले में लगभग चार घंटे में 6-4, 4-6, 2-6, 6-3, 6-4 से हराया। जोकोविच का यह 17वां ग्रैंडस्लैम खिताब है। जोकोविच अब सर्वाधिक पुरुष एकल ग्रैंडस्लैम खिताब जीतने के मामले में रफेल नडाल (19 ग्रैंडस्लैम) से दो और रोजर फेडरर (20 ग्रैंडस्लैम) से तीन खिताब पीछे हैं। 

छह महीने से कुछ अधिक समय पहले फेडरर के खिलाफ विंबलडन फाइनल में दो चैंपियनशिप अंक बचाने के बाद पांच सेट में जीत दर्ज करने वाले जोकोविच ने एक बार फिर साबित किया कि उनके अंदर अंत तक हार नहीं मानने का जज्बा है। 

इस जीत से मेलबर्न पार्क में सेमीफाइनल और फाइनल में जोकोविच का जीत का रिकॉर्ड 16-0 हो गया है। वह आगामी विश्व रैंकिंग में नडाल को पछाड़कर दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी बन जाएंगे। आस्ट्रेलिया ओपन के इतिहास में हार्ड कोर्ट पर होने वाली इस प्रतियोगिता को किसी भी पुरुष खिलाड़ी ने छह से अधिक बार नहीं जीता है। 

सबिर्या के 32 साल के जोकोविच की फाइनल में जीत की राह बेहद मुश्किल रही। उन्होंने क्वार्टर फाइनल में नडाल को हराने वाले थीम के खिलाफ एक समय लगातार छह गेम गंवाए। तीसरे सेट के दौरान जोकोविच के डाक्टर और ट्रेनर को कोर्ट पर आना पड़ा क्योंकि इस खिलाड़ी को शरीर में पानी की कमी से जूझना पड़ रहा था। 

जोकोविच ने एक साल पहले नडाल के खिलाफ यहां खिताबी जीत के दौरान सिर्फ नौ सहज गलतियां की थी लेकिन रविवार को उन्होंने पहले सेट में ही 14 गलतियां करके इस आंकड़े को पीछे छोड़ दिया। उन्होंने मैच में कुल 57 सहज गलतियां की। इस मैच से हालांकि एक बार फिर पांच सेट तक चलने वाले मुकाबलों में जोकोविच का दबदबा साबित हुआ। उन्होंने अब तक पांच सेट तक चलने वाले 41 मैचों में से 31 में जीत दर्ज की है जबकि 10 में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। पांच सेट के मुकाबलों में थीम का रिकार्ड 8-7 है। 

जोकोविच ने इससे पहले 2008, 2011, 2012, 2013, 2015, 2016 और 2019 में भी आस्ट्रेलिया ओपन का खिताब जीता है। वह इसके अलावा पांच बार विंबलडन और तीन-तीन बार अमेरिकी और फ्रेंच ओपन का खिताब भी जीत चुके हैं। 

दूसरी तरफ ऑस्ट्रिया के 26 साल के थीम तीसरी बार किसी ग्रैंडस्लैम टूर्नामेंट के फाइनल में खेल रहे थे। उन्हें तीनों बार फाइनल में शिकस्त का सामना करना पड़ा है। इससे पहले उन्हें दोनों बार फ्रेंच ओपन के फाइनल में नडाल के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। 

टॅग्स :ऑस्ट्रेलियन ओपननोवाक जोकोविच
Open in App

संबंधित खबरें

विश्वऑस्ट्रेलिया ओपन 2026: अल्काराज़ ने करियर स्लैम का सपना पूरा किया, नोवाक जोकोविच को हराकर जीता अपना पहला ऑस्ट्रेलियन ओपन टाइटल

विश्वऑस्ट्रेलियाई ओपन टेनिसः 6-4, 4-6, 6-4 से हराकर ऑस्ट्रेलियन ओपन का खिताब जीता, चैंपियन एलिना रयबाकिना ने एरिना सबालेंका को हराया, 2023 का बदला

विश्वऑस्ट्रेलिया ओपन 2026ः कौन पहनेगा ताज?, 25वां ग्रैंडस्लैम खिताब जीतने उतरेंगे नोवाक जोकोविच, 1 फरवरी को अल्कारेज से टक्कर

विश्वऑस्ट्रेलियाई ओपन टेनिस टूर्नामेंटः 1989 के बाद पहली बार, ओलिविया गाडेकी और जॉन पीयर्स ने 37 साल बाद रचा इतिहास, मिश्रित युगल खिताब का बचाव?

विश्व400 जीत से एक कदम दूर?, 10 बार के विजेता नोवाक जोकोविच ने ग्रैंड स्लैम एकल मैच में 399वीं जीत दर्ज की, फ्रांसेस्को मैस्ट्रेली को 6-3, 6-2, 6-2 से किया पराजित

टेनिस अधिक खबरें

टेनिसAustralia Open 2024: सुमित नागल ने विश्व के नंबर 31 अलेक्जेंडर बुब्लिक को हराया

टेनिसयौन शोषण का आरोप लगा गायब हुईं चीनी टेनिस स्टार पेंग शुआई की पूरी कहानी

टेनिसचीन की टेनिस खिलाड़ी पेंग शुआई ने IOC के अध्यक्ष से वीडियो कॉल पर कहा "मैं सुरक्षित हूँ"

टेनिसUS Open: एम्मा रादुकानू ने रचा इतिहास, ब्रिटेन की 18 वर्षीय खिलाड़ी ने यूएस ओपन खिताब जीता, अपने सभी सेट जीते

टेनिसUS OPEN: ओलंपिक गोल्‍ड मेडलिस्‍ट एलेक्जेंडर ज्वेरेव को हराकर फाइनल में नोवाक जोकोविच, इतिहास रचने से एक कदम दूर, रोजर फेडरर और राफेल नडाल से आगे!