केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले की पार्टी रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आरपीआई), ने आगामी महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों में डॉन छोटा राजन के भाई को अपने उम्मीदवार के तौर पर उतारा है।
आरपीआई नेशनल डेमोक्रेटिक गठबंधन (एनडीए) की सहयोगी है, जिसका आगामी विधानसभा चुनावों के लिए बीजेपी के साथ गठबंधन है।
आरपीआई ने छोटा राजन के भाई दीपक निकलजे को महाराष्ट्र विधानसभा में सतारा की फलटन (Phaltan) सीट से अपना उम्मीदवार बनाया है।
रामदास अठावले ने की दीपक निकलजे के नाम की घोषणा
आरपीआई उम्मीदवार के तौर पर दीपक निकलजे के नाम की घोषणा केंद्रीय सामाजिक न्याय राज्य मंत्री रामदास अठावले ने की। अठावले ने आरपीआई के पांच अन्य उम्मीदवारों की भी घोषणा की, जो आगामी विधानसभा चुनावों में अपनी किस्मत आजमाएंगे।
उम्मीदवारों के नामों का ऐलान करते हुए रामदास अठावले ने कहा कि उसे आगामी चुनावों के लिए गठबंधन नें छह सीटें मिली हैं। पार्टी सतारा में फलटन, सोलापुर में मलशिरास, भंडारा, नांदेड़ में नैगांव, प्रभानी में पथरी और मुंबई के शिवाजी नगर में मंखुर्द सीटों से लड़ेगी।
चेंबूर से तीन बार चुनाव हार चुके हैं दीपक निकलजे
दीपक निकलजे इससे पहले चेंबूर सीट से तीन बार चुनाव लड़ चुके हैं, लेकिन हार बार उन्हें शिकस्त मिली है। लेकिन गठबंधन के बीच हुए सीट बंटवारे के तहत ये सीट शिवसेना को मिली है। इसलिए दीपक निखलजे अब फलटन से चुनाव लड़ेंगे, जो छोटा राजन यही का रहने वाला है।
2018 में दीपक निकलजे पर एक 22 वर्षीय महिला की शिकायत पर कथित रेप और यौन उत्पीड़ने के मामले में केस दर्ज किया गया था। अधिकारियों ने कहा कि, चेंबूर की रहने वाली इस महिला ने अपनी शिकायत में निखलजे पर शादी का वादा करके उसका शोषण करने का आरोप लगाया था।