महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस और शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे ने मुंबई में संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस की।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस ने संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में कहा कि मतभेदों के बावजूद भाजपा और शिवसेना हिंदुत्व की डोर से बंधे हैं। भाजपा, शिवसेना और अन्य दलों की 'महायुति' महाराष्ट्र चुनाव में अभूतपूर्व जीत हासिल करेगी। 288 सदस्यीय विधानसभा के लिये शिवसेना 126, सहयोगी दल 14 और भाजपा शेष सीटों पर चुनाव लड़ रही है।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस ने कहा कि गठबंधन के लिए सभी को समझौता करना पड़ता है। आने वाले दिनों में हम सभी बागी उम्मीदवारों को वापस लेने के लिए कहेंगे और यह महागठबंधन के प्रत्येक दल के बागी उम्मीदवारों के साथ किया जाएगा। यदि वे इसका अनुपालन नहीं करते हैं तो उन्हें हमारे किसी भी पद पर कोई स्थान नहीं मिलेगा। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस ने कहा कि मुझे विश्वास है कि आदित्य ठाकरे चुनाव में बहुत बड़े अंतर से जीतेंगे और हम उन्हें विधानसभा में देखेंगे।