कोलकाता: पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और नंदीग्राम व भवानीपुर विधानसभा क्षेत्रों से भाजपा उम्मीदवार सुवेंदु अधिकारी कोलकाता पोर्ट विधानसभा क्षेत्र में पार्टी उम्मीदवार राकेश सिंह के रोड शो में शामिल हुए। पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और नंदीग्राम व भवानीपुर विधानसभा क्षेत्रों से भाजपा उम्मीदवार सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि हम दोनों ने एक साथ प्रचार किया। इस इलाके में ममता बनर्जी, फिरहाद हकीम आगे रहे हैं, लेकिन इस बार वे आगे नहीं रह पाएंगे। इस बार TMC का सूपड़ा साफ होने वाला है। ममता बनर्जी की तुष्टीकरण की राजनीति ही समाज को तोड़ रही है।
ED द्वारा राशन घोटाले में की गई छापेमारी पर उन्होंने कहा कि चोर के घर ED जाएगी। जैसे बिहार में चारा घोटाला हुआ, वैसे ही यहां अनाज घोटाला हुआ। ज्योतिप्रिय मलिक ने जनता को लूटने का काम किया और 75% पैसा ममता बनर्जी के घर गया। राघव चड्ढा और अन्य सांसदों के AAP छोड़कर BJP में शामिल होने पर उन्होंने कहा "जो राष्ट्रवादी हैं वह प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व को स्वीकार कर रहे हैं।
राघव चड्ढा पढ़े-लिखे व्यक्ति हैं, थोड़ी देर लगी लेकिन वे समझ गए कि भारत को समृद्ध करना, देश को मज़बूत करना प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में ही संभव है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने बड़ा नगर विधानसभा क्षेत्र में रोड शो किया।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन ने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता ने पहले ही तय किया था कि इस बार की लड़ाई वो खुद लड़ेंगे और भाजपा के कार्यकर्ताओं का संघर्ष उनके साथ था और वो कहीं ना कहीं बदलाव का प्रतीक बना...पश्चिम बंगाल की विरासत, संस्कृति को बचाने की लड़ाई भाजपा ने जिस प्रकार से लड़ी है।
अब जनता भी पश्चिम बंगाल के विकास के लिए, माताओं की सुरक्षा के लिए भाजपा के साथ आ गई है, पश्चिम बंगाल में अब गुंडागर्दी नहीं चलेगी...पश्चिम बंगाल में अब शांति होगी और महिलाओं को सुरक्षा मिलेगी...जनता बदलाव के साथ है। नबीन ने अरविंद केजरीवाल द्वारा पश्चिम बंगाल में प्रचार किए जाने पर कहा कि जिस नेता के प्रति कोई आकर्षण नहीं रहा, जिस नेता से पूरा देश त्रस्त हो गया।
मैं मानता हूं कि उस नेता में प्रचार करने का नैतिक कर्तव्य कहां बचा? अभी तो और खेला होगा... डूबती नैया पर कौन सवार होगा... पहले AAP डूबी, अब TMC डूबेगी। विपक्ष समाप्ति के दौर पर है। TMC नेता कुणाल घोष ने कहा, "पहले चरण का मतदान पूरा हो गया है, पहले चरण के मतदान में भाजपा की कमर टूट गई है, भाजपा हार गई है, ममता बनर्जी के नेतृत्व में चौथी बार सरकार आने वाली है।
हम साफ बोल रहे हैं कि जिन 152 सीटों पर मतदान हुआ है उसमें से TMC को 125-135 सीटें मिलेगी। स्थिति को समझते हुए भाजपा के नेता हताशा में बयान दे रहे हैं। पहले चरण के मतदान में हमें चतुर्मुखी लाभ हुआ है, इन सीटों पर TMC के वोट प्रतिशत बढ़ेंगे, TMC के विजेता और हारने वालों के बीच का मार्जिन बढ़ेगा और TMC की सीटें बढ़ेंगी।
चौथी बार हमारी सरकार बनने वाली है, अब दूसरे चरण में रिकॉर्ड बनेगा। हम पश्चिम बंगाल की जनता, माताओं-बहनों से अनुरोध करते हैं कि पहले चरण की ही तरह दूसरे चरण में भी घरों से निकलकर मतदान करें जिससे मतदान प्रतिशत और बढ़े।"