मौत से 2-4 दिन पहले 25 और 18-24 घंटे पहले 9 चोट निशान?, हिरासत में शहीद हुए सीमा सुरक्षा बल के जवान जसविंदर सिंह?, शरीर पर 34 चोटें
By सतीश कुमार सिंह | Updated: April 25, 2026 12:52 IST2026-04-25T12:49:40+5:302026-04-25T12:52:17+5:30
जवान की पत्नी लवजीत कौर ने हिरासत में यातना देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, "पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साबित हो गया है कि मेरे पति को यातना देकर मार डाला गया। 34 चोटें कोई छोटी बात नहीं हैं। एनसीबी कर्मियों ने हिरासत में क्रूरता की।"

file photo
अमृतसरःपंजाब के अमृतसर में देश की रक्षा करने वाले को मार डाला। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) की हिरासत में रहस्यमय परिस्थितियों में मृत सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के एक जवान के शव पर पोस्टमार्टम रिपोर्ट में 34 चोटों के निशान पाए गए हैं, जिससे उसकी मौत की परिस्थितियों पर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस ने मार्च में बताया था कि पंजाब के अमृतसर में एनसीबी द्वारा पूछताछ के दौरान 35 वर्षीय जसविंदर सिंह की तबीयत बिगड़ने के बाद उनकी मृत्यु हो गई। उस समय, परिवार ने आरोप लगाया था कि बीएसएफ जवान के साथ नारकोटिक्स टीम ने मारपीट की थी। उन्होंने पोस्टमार्टम कक्ष के बाहर विरोध प्रदर्शन किया था। रिपोर्टों के अनुसार, जम्मू निवासी जसविंदर सिंह को नारकोटिक्स टीम ने हिरासत में लिया था और पूछताछ के लिए अमृतसर लाया गया था।
पूछताछ के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। अमृतसर के जिला सिविल अस्पताल में डॉक्टरों द्वारा किए गए पोस्टमार्टम की रिपोर्ट पीड़ित परिवार और पंजाब मानवाधिकार संगठन (पीएचआरओ) के मुख्य जांचकर्ता सरबजीत सिंह वेरका ने साझा की। रिपोर्ट के अनुसार, जवान की मौत से दो से चार दिन पहले 25 चोटें पहुंचाई गईं, जबकि नौ चोटें मौत से लगभग 18 से 24 घंटे पहले लगीं।
रिपोर्ट में कहा गया है कि यह अवधि उस समय से मेल खाती है, जब जवान एनसीबी की हिरासत में था। जवान की पत्नी लवजीत कौर ने हिरासत में यातना देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, "पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साबित हो गया है कि मेरे पति को यातना देकर मार डाला गया। 34 चोटें कोई छोटी बात नहीं हैं। एनसीबी कर्मियों ने हिरासत में उनके साथ क्रूरता की।"
इससे पहले मार्च में, गुरमीत कौर ने कहा था कि उनका बेटा बीएसएफ में कांस्टेबल के पद पर कार्यरत था और छुट्टी पर घर लौटा था। मेरे बेटे का नाम जसविंदर सिंह था। उसे 3 या 4 तारीख को लौटना था, लेकिन 3 तारीख को जम्मू के नारकोटिक्स विभाग ने हिरासत में ले लिया। 20 तारीख की रात को हमें फोन आया कि आपके बेटे की मौत हो गई है और हमें आकर उसका शव ले जाना चाहिए।