उत्तर प्रदेश बार काउंसिल अध्यक्ष दरवेश यादव की कथित तौर पर उनके एक साथी वकील ने ही गोली मारकर हत्या कर दी है। दरवेश यादव दो दिन पहले ही बार काउंसिल की अध्यक्ष बनी थीं।
स्थानीय मीडिया के मुताबिक दरवेश यादव के बार काउंसिल के अध्यक्ष बनाए जाने पर न्यू आगरा स्थित दीवानी परिसर में एक स्वागत समारोह रखा गया था। मौके पर पहुंचे मनीष शर्मा नाम के वकील ने उन पर हमला कर दिया। मनीष और दरवेश यादव के बीच किसी बात को लेकर कथित तौर पर कहासुनी हुई थी। गुस्से में आग बबूला वकील ने आव देखा न ताव, पिस्तौल निकाली और एक के बाद एक करके तीन गोलियां दरवेश को मारीं और फिर खुद पर भी गोली चला दी।
दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां दरवेश यादव को मृत घोषित कर दिया गया और आरोपी वकील की हालत नाजुक बताई जा रही है।
पुलिस अभी इस बात का पता नहीं लगा सकी है कि दोनों के बीत किस बात को लेकर विवाद था।
बता दें कि बीते रविवार (9 जून) को उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में बार काउंसिल का चुनाव हुआ था जिसमें दरवेश यादव जीती थीं। बार काउंसिल के चुनाव में कुल 298 उम्मीदवार मैदान में थे। दरवेश यादव और हरिशंकर सिंह नाम के प्रत्याशी को बराबर 12-12 वोट मिले थे। यह भी बताया जा रहा है कि वह पहली महिला थीं जो उत्तर प्रदेश बार काउंसिल की अध्यक्ष बनी थीं।
मूल रूप से उत्तर प्रदेश के एटा की रहने वाली दरवेश यादव ने आगरा से कानून की पढ़ाई की थी। उन्होंने 2004 में वकालत के पेशे में कदम रखा था। 2012 में पहली बार बार काउंसिल की सदस्य बनीं। 2016 में बार काउंसिल की उपाध्यक्ष और 2017 में इसकी कार्यकारी अध्यक्ष बनीं।