जम्मूः गणतंत्र दिवस पर प्रदेश में कुछ बड़ा होने की आशंका के चलते सुरक्षा व्यवस्था को हाई अलर्ट मोड पर रखने के पीछे का सबसे बड़ा कारण पाकिस्तान के नापाक इरादे हैं। एलओसी और इंटरनेशनल बार्डर पर उसके ड्रोनों की घुसपैठ और श्रीनगर शहर में विदेशी आतंकियों को देखे जाने के उपरांत यह आशंका जताई जा रही है कि प्रदेश में कुछ बड़ा हो सकता है। अधिकारियों ने इसकी पुष्टि की है कि गणतंत्र दिवस समारोह से पहले जम्मू कश्मीर में सुरक्षा उपायों को बढ़ा दिया गया है, जिसमें पूरे केंद्र शासित प्रदेश में मल्टी-टियर व्यवस्था, कड़ी निगरानी और एरिया डोमिनेशन अभ्यास चल रहे हैं।
अधिकारियों ने बताया कि सभी 20 जिलों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है, जिसमें सीमावर्ती इलाकों पर विशेष ध्यान दिया गया है। उनका कहना था कि गणतंत्र दिवस समारोह से पहले कश्मीर और जम्मू दोनों क्षेत्रों में नाका चेकिंग, वाहनों और पैदल चलने वालों की तलाशी सहित सुरक्षा उपायों को बढ़ाया गया है।
सुरक्षाधिकारी कहते थे कि किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए अंतर्राष्ट्रीय सीमा और नियंत्रण रेखा पर सुरक्षा बलों की व्यापक तैनाती की गई है। उनका कहना था कि शहरी इलाकों, खासकर श्रीनगर और जम्मू में, गणतंत्र दिवस समारोह को सुचारू रूप से चलाने के लिए सुरक्षा उपायों को बढ़ाने के लिए अहम जगहों पर तलाशी और चेकिंग बढ़ा दी गई है।
बड़ी घटना की आशंका की बात करते हुए अधिकारी कहते थे कि सुरक्षा उपायों को और मजबूत करने के लिए, अहम जगहों पर स्थिति पर नजर रखने के लिए ड्रोन और हाई-रिजाल्यूशन सीसीटीवी कैमरों सहित एडवांस्ड सर्विलांस सिस्टम लगाए गए हैं। उनका कहना था कि संवेदनशील इलाकों में एरिया सैनिटाइजेशन और डोमिनेशन एक्सरसाइज भी की जा रही हैं।
इस बीच, केरिपुब के डायरेक्टर जनरल, जी पी सिंह ने जम्मू में एक हाई-लेवल सुरक्षा समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की, जिसमें पूरे क्षेत्र में आतंकवाद विरोधी अभियानों को मजबूत करने पर ध्यान केंद्रित किया गया। उन्होंने मौजूदा सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की, आपरेशनल तैयारियों का आकलन किया।
उभरती चुनौतियों का प्रभावी ढंग से जवाब देने के लिए सुरक्षा एजेंसियों के बीच तालमेल पर जोर दिया। बार्डर सिक्योरिटी फोर्स ने भी उत्तरी कश्मीर के बांडीपोरा सेक्टर में घुसपैठ विरोधी उपायों को मजबूत किया है, क्योंकि खुफिया जानकारी मिली है कि सीमा पार से घुसपैठ की कोशिशें बढ़ गई हैं।