दरभंगाः बिहार में दरभंगा जिले के पतोर थाना क्षेत्र अंतर्गत चंदनपट्टी गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवक ने कथित तौर पर अपनी पत्नी और तीन मासूम बच्चों की हत्या कर दी. मंगलवार की सुबह हुए इस जघन्य हत्याकांड से पूरे क्षेत्र में मातम और सन्नाटा पसर गया है. दरअसल, यह खौफनाक घटना उस समय हुई जब पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई.
विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी पति ने अपना आपा खो दिया और घर के भीतर ही हिंसा का तांडव मचा दिया. प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने डंडा और रॉड जैसे हथियारों से हमला कर अपनी पत्नी और तीन बच्चों को बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया.
मृतकों की पहचान फूल कुमारी दास (30), और उनके तीन बच्चों ह्रदय दास (7), संध्या दास (6) और सोन दास (5) के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि यह परिवार मूल रूप से पश्चिम बंगाल के दालकोला क्षेत्र का रहने वाला था और मजदूरी के सिलसिले में दरभंगा के चंदनपट्टी इलाके में किराए के मकान में रह रहा था.
घटना के बाद आरोपी पति संदीप दास (जिसे बिल्टू दास भी कहा जा रहा है) ने खुद को भी गंभीर रूप से घायल कर लिया. उसे इलाज के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (डीएमसीएच) में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है. स्थानीय मजदूरों के मुताबिक, घटना सुबह के समय हुई जब अधिकांश लोग मुर्गी फार्म में काम में व्यस्त थे.
उसी दौरान घर से चीख-पुकार की आवाजें सुनाई दीं, जिसके बाद अन्य मजदूर मौके पर पहुंचे तो चारों तरफ खून ही खून और चारों घायल अवस्था में पड़े मिले. इस भयावह दृश्य को देखकर सभी स्तब्ध रह गए. प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि मृतक महिला और बच्चों को बचाने की कोशिश भी की गई, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी.
आरोपी का सिर भी फटा हुआ पाया गया, जिससे आशंका जताई जा रही है कि उसने घटना के बाद आत्महत्या की कोशिश की. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेर लिया. साथ ही एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं. सिटी एसपी और सदर एसडीपीओ खुद मौके पर पहुंचकर जांच की निगरानी कर रहे हैं.
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है और घटना के पीछे के वास्तविक कारणों की गहन पड़ताल की जा रही है. शुरुआती अनुमान के मुताबिक यह वारदात पारिवारिक विवाद और मानसिक तनाव का परिणाम हो सकती है. हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है।इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और सन्नाटा छा गया है.
जबकि स्थानीय लोग इस हत्याकांड को अब तक की सबसे भयावह घटनाओं में से एक बता रहे हैं. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले के कारणों की जांच में जुटी हुई है. इस सामूहिक हत्या की घटना से पूरे इलाके में दहशत और मातम का माहौल है.