लाइव न्यूज़ :

कौन हैं देवेन भारती?, 26/11 हमलों की जांच करने वाले हाई-प्रोफाइल अधिकारी

By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: April 30, 2025 21:24 IST

पुलिस विभाग में अपार अनुभव रखने वाले भारती शहर की सुरक्षा के लिहाज से सबसे प्रतिष्ठित और चुनौतीपूर्ण पद पर आसीन हुए हैं।

Open in App
ठळक मुद्दे2023 में यह नया पद सृजित किया गया था। रियाज भटकल की तलाश में कर्नाटक के मंगलुरु पहुंची थी।मंगलुरु पहुंचे और शहर की पुलिस से मदद ली।

मुंबईः मुंबई के नए पुलिस आयुक्त देवेन भारती अपने करियर के दौरान 26/11 हमलों की जांच करने, इंडियन मुजाहिदीन (आईएम) से जुड़े आतंकी मॉड्यूल को खत्म करने और ‘अंडरवर्ल्ड’ से जुड़े लोगों पर नकेल कसने के लिए चर्चित रहे हैं। सावधानीपूर्वक जांच के अपने कौशल और पुलिस बल के प्रति समर्पण के लिए चर्चित भारती (56) ने बुधवार शाम को पुलिस प्रमुख के तौर पर कार्यभार संभाला। पुलिस विभाग में अपार अनुभव रखने वाले भारती शहर की सुरक्षा के लिहाज से सबसे प्रतिष्ठित और चुनौतीपूर्ण पद पर आसीन हुए हैं।

वर्ष 1994 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारी भारती देश की वित्तीय राजधानी में 50,000 कर्मियों वाले बल का प्रमुख बनने से पहले मुंबई पुलिस के विशेष आयुक्त के रूप में कार्यरत थे। 2023 में यह नया पद सृजित किया गया था। अक्टूबर 2008 की बात है, जब कुछ अधिकारियों समेत मुंबई पुलिस की अपराध शाखा की एक टीम इंडियन मुजाहिद्दीन (आईएम) के प्रमुख आतंकवादियों यासीन भटकल और रियाज भटकल की तलाश में कर्नाटक के मंगलुरु पहुंची थी।

चूंकि उनके मिशन के लिए स्थानीय पुलिस से सहायता प्राप्त करने में देरी हो रही थी, इसलिए टीम के एक अधिकारी ने मुंबई में तत्कालीन अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) भारती से संपर्क किया और इस मुद्दे पर चर्चा की। भारती बिना समय गंवाए दो और अधिकारियों के साथ उसी दिन मंगलुरु पहुंचे और शहर की पुलिस से मदद ली।

एके-47 राइफल से लैस भारती अपनी टीम के साथ एक घर में घुसे, जहां से पुलिस ने चार हथगोले बरामद किए और आईएम के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया। भारती के हस्तक्षेप के कारण ही कर्नाटक पुलिस ने आईएम से जुड़े आतंकी मॉड्यूलों का पता लगाने और उन्हें नष्ट करने के मिशन में मुंबई अपराध शाखा की टीम को अपने 120 से अधिक कर्मी, वाहन और बुलेटप्रूफ जैकेट प्रदान कीं।

अपने तीन दशक के करियर के दौरान, भारती को न केवल ‘अंडरवर्ल्ड’ से जुड़े लोगों पर बल्कि आईएम के नेटवर्क पर भी कार्रवाई करने के लिए जाना जाता है, जो महाराष्ट्र और गुजरात समेत देश भर में कई बम विस्फोटों में शामिल रहा था।

भारती की निगरानी में मंगलुरु से गिरफ्तार किए गए आईएम के चार आतंकवादियों में से दो को बाद में सूरत में बम हमलों से संबंधित एक आतंकी मामले में अदालत ने मौत की सजा सुनाई थी। भारती ने कई चर्चित मामलों की जांच का जिम्मा भी संभाला, जिनमें 26/11 आतंकी हमले, पत्रकार जे डे की हत्या, फरीद तनाशा मामला, छोटे मिया हत्या मामला और आसिफ डाढ़ी मामला शामिल हैं।

मुंबई में 2008 में हुए हमलों की जांच के दौरान, भारती वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक अरुण चव्हाण और दिनेश कदम के साथ अमेरिका गए, जहां उन्होंने हमलों में पाकिस्तान की भूमिका के खिलाफ सबूत जुटाने के लिए 10 दिन तक काम किया। भारती अपनी टीम के साथ 26/11 हमलों के दौरान दक्षिण मुंबई के होटल ताज महल पैलेस में थे और वहां छिपे आतंकवादियों के खिलाफ अभियान चलाने वाली एनएसजी टीमों का मार्गदर्शन कर रहे थे। पुलिस महानिरीक्षक (कानून-व्यवस्था) के रूप में, भारती उस टीम का भी हिस्सा थे जो 26/11 के दोषी मोहम्मद अजमल कसाब को फांसी दिलाने में शामिल थी।

मुंबई पुलिस में संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून और व्यवस्था) के तौर पर अपने सबसे लंबे कार्यकाल के दौरान उन्होंने स्थानीय थानों को अधिकार दिए। उन्होंने साइबर और वित्तीय अपराधों से निपटने पर भी काम किया। हालांकि, भारती पुलिस सेवा में अपने लंबे कार्यकाल के दौरान विवादों में भी रहे।

मुंबई के पूर्व पुलिस आयुक्त संजय पांडे ने एक जांच रिपोर्ट में आरोप लगाया था कि भारती के ‘अंडरवर्ल्ड’ डॉन दाऊद इब्राहिम और उसके नेटवर्क से जुड़े अपराधियों से संबंध हैं। हालांकि, इस रिपोर्ट को महा विकास आघाड़ी (एमवीए) सरकार गिरने के बाद 2022 में सत्ता में आने पर एकनाथ शिंदे-देवेंद्र फडणवीस सरकार ने खारिज कर दिया था।

भारती भाजपा के एक नेता से जुड़े मामले में भी विवाद में रहे। इस मामले में भाजपा नेता हैदर आजम की पत्नी ने पासपोर्ट के लिए कथित तौर पर फर्जी दस्तावेज पेश किए, लेकिन उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई। इसके बाद इस मामले में भारती के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। यह मामला भी एमवीए शासन (नवंबर 2019-जून 2022) के दौरान सामने आया था।

हालांकि, मामले में दायर आरोप पत्र में भारती का नाम नहीं था। मुंबई के नए पुलिस आयुक्त को पढ़ने का शौक है और वह सोशल मीडिया पर सक्रिय रहते हैं। भारती के पास हिंदी, अंग्रेजी और मराठी किताबों का संग्रह है और वह अक्सर अपने सोशल मीडिया हैंडल पर जाने-माने कवियों के उद्धरण और दोहे पोस्ट करते हैं।

टॅग्स :मुंबई पुलिसदेवेंद्र फड़नवीसमहाराष्ट्र
Open in App

संबंधित खबरें

भारतराष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टीः उत्तरार्द्ध में उत्तराधिकार के लिए संघर्ष

क्राइम अलर्ट2 क्रेडिट सोसायटी, 132 खाते, ₹62.74 करोड़ लेन-देन?, 'धर्मगुरु' ने कैसे दौलत बनाई?

क्राइम अलर्ट2022 में 37 वर्षीय विकास रामदास दिवाटे ने की थी आत्महत्या, सुसाइड नोट में अशोक खरात का जिक्र, स्वयंभू धर्मगुरु को लेकर खुल रहे राज

क्राइम अलर्टचंदोली गांवः महिलाओं से यौन संबंध और छेड़छाड़?, शिवदत्ता आश्रम 'महाराज' नवनाथ गावली के खिलाफ मामला

क्राइम अलर्ट8 महिला श्रमिकों की मौत, नागपुर-मुंबई एक्सप्रेसवे पर ट्रक-टेम्पो में टक्कर

भारत अधिक खबरें

भारतElection 2026: केरल में चुनावी हिंसा! शशि थरूर के काफिले पर हमला, गनमैन को भी पीटा, 5 धरे गए

भारतदेश के लिए समर्पित ‘एक भारतीय आत्मा’

भारतवाराणसी का रोम-रोम हुआ रोमांचित, दर्शकों ने देखा कैसा था सम्राट विक्रमादित्य का सुशासन, देखें Photos

भारतदिल्ली और उत्तरी भारत के कुछ हिस्सों में महसूस हुए भूकंप के झटके, अफगानिस्तान में आया भूकंप

भारतकेंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने ग्रीनविच मीन टाईम को महाकाल स्टेंडर्ड टाईम में बदलने पर दिया जोर