Bihar: नेपाल के रास्ते 11 संदिग्धों का एक जत्था बिहार में दाखिल होने की सूचना के बाद सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) की इस रिपोर्ट ने बिहार में पुलिस महकमे में खलबली मचा दी है। ऐसे में नेपाल सीमा पर भंसार(कस्टम ड्यूटी) प्रकरण के बाद पड़ोसी देश से हुए कड़वे रिश्ते के बीच घुसपैठ की सूचना को पुलिस मुख्यालय ने गंभीरता से लिया है। स्पेशल ब्रांच ने सभी डीएम, एसएसपी और एसपी (रेल सहित) को संदिग्ध घुसपैठियों की जांच-पड़ताल के लिए एसओपी जारी किया है।
जानकारी अनुसार स्पेशल ब्रांच ने सभी थानों को होटल, लॉज, छात्रावास, मुसाफिरखानों और किराए के मकानों में ठहरे लोगों का सत्यापन करने के निर्देश दिए गए हैं। सुरक्षा एजेंसियों को राष्ट्रीय राजमार्गों के टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच करने के साथ-साथ रेलवे स्टेशनों, प्लेटफॉर्म, रिटायरिंग रूम और कैंटीन में निगरानी बढ़ाने को कहा गया है। रेल यात्रियों की भी सघन जांच के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस मुख्यालय ने संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों जैसे धार्मिक स्थल, ऐतिहासिक स्थान, बस अड्डा, टैक्सी स्टैंड, अस्पताल और पार्क में विशेष सतर्कता बरतने को कहा है। इन स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की भी गहन जांच की जा रही है। इससे पहले बंगाल चुनाव को लेकर भी प्रतिबंधित आतंकी संगठनों की योजना और बड़ी घटना को अंजाम देने संबंधित खुफिया रिपोर्ट्स पर तमाम जिलों को अलर्ट मोड पर रखा गया था।
स्पेशल ब्रांच ने बिहार में घुसे संदिग्ध घुसपैठियों की पहचान के लिए तमाम जिलों में आए विदेशी नागरिकों के आवासन की जानकारी जुटाने को कहा है। एसओपी में कहा गया कि भारत-नेपाल सीमा एक खुली सीमा है, यहां सतत निगरानी आवश्यक है।
मामले की गंभीरता देखकर विशेष शाखा ने पुलिस महानिदेशक के अलावा एटीएस के अपर पुलिस महानिदेशक, सभी क्षेत्रीय पुलिस महानिरीक्षक, पुलिस उप महानिरीक्षक को भी अपने-अपने स्तर से सुरक्षा पुख्ता करने का अनुरोध किया है।
इस संबंध में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) पटना के आईजी नीतीश कुमार उज्जवल ने कहा कि उन्हें ऐसे किसी विशेष पत्र की जानकारी नहीं है, लेकिन नेपाल सीमा पर हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है और एहतियात के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। उल्लेखनीय है कि हाल के दिनों में खुफिया एजेंसियों द्वारा संभावित आतंकी गतिविधियों को लेकर भी अलर्ट जारी किया गया था, जिसके बाद राज्य में पहले से ही सतर्कता बढ़ाई गई है।