बिहार में भी 'ऑपरेशन लोटस'? कांग्रेस एमएलसी समीर कुमार सिंह ने की सम्राट चौधरी से मुलाकात, पार्टी विधायक सुरेंद्र कुशवाहा भी कर चुके हैं मुख्यमंत्री से मीटिंग

By एस पी सिन्हा | Updated: April 25, 2026 16:48 IST2026-04-25T16:48:07+5:302026-04-25T16:48:07+5:30

इस मुलाकात को राज्य की बदलती सियासी परिस्थितियों के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। खास बात यह है कि इससे पहले कांग्रेस विधायक सुरेंद्र कुशवाहा भी मुख्यमंत्री से मुलाकात कर चुके हैं, जिससे कांग्रेस खेमे में हलचल और तेज हो गई है।

'Operation Lotus' in Bihar too? Congress MLC Sameer Kumar Singh meets Samrat Chaudhary; party MLA Surendra Kushwaha has also held a meeting with the Chief Minister | बिहार में भी 'ऑपरेशन लोटस'? कांग्रेस एमएलसी समीर कुमार सिंह ने की सम्राट चौधरी से मुलाकात, पार्टी विधायक सुरेंद्र कुशवाहा भी कर चुके हैं मुख्यमंत्री से मीटिंग

बिहार में भी 'ऑपरेशन लोटस'? कांग्रेस एमएलसी समीर कुमार सिंह ने की सम्राट चौधरी से मुलाकात, पार्टी विधायक सुरेंद्र कुशवाहा भी कर चुके हैं मुख्यमंत्री से मीटिंग

पटना: आम आदमी पार्टी के 7 राज्यसभा सांसदों के पाला बदलने के बाद अब बिहारकांग्रेस में भी टूट होने के संकेत मिलने लगे हैं। सूबे की सियासत में शनिवार को उस वक्त हलचल देखी गई जब कांग्रेस के विधान पार्षद समीर कुमार सिंह ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात की। इस मुलाकात को राज्य की बदलती सियासी परिस्थितियों के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। खास बात यह है कि इससे पहले कांग्रेस विधायक सुरेंद्र कुशवाहा भी मुख्यमंत्री से मुलाकात कर चुके हैं, जिससे कांग्रेस खेमे में हलचल और तेज हो गई है।

बता दें कि हाल के राज्यसभा चुनाव के दौरान भी कांग्रेस के कुछ विधायकों और राजद के एक विधायक ने मतदान में हिस्सा नहीं लिया था। इसके कारण राजद के उम्मीदवार को हार का सामना करना पड़ा था। इस घटनाक्रम के बाद से विपक्षी एकजुटता पर सवाल उठे थे और अब मुख्यमंत्री से कांग्रेस नेताओं की लगातार मुलाकातें नए राजनीतिक समीकरणों की ओर इशारा कर रही हैं। समीर कुमार सिंह और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के बीच सचिवालय में बंद कमरे के अंदर दोनों नेताओं के बीच में लगभग आधे घंटे तक बातचीत चली। 

इस मुलाकात ने प्रदेश का सियासी पारा चढ़ा दिया है। ऐसे में बिहार में भी 'ऑपरेशन लोटस' के शुरू होने की संभावना जताई जा रही है। सियासी गलियारों में अटकलें चल रही हैं कि बिहार में महागठबंधन में बड़ी टूट हो सकती है। सत्ता पक्ष के नेताओं का दावा है कि कांग्रेस और राजद के कई विधायक और विधान पार्षद उनके संपर्क में हैं और जल्द ही सभी भाजपा में शामिल हो सकते हैं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने भी इसी तरह के दावे किए हैं। उनका कहना है कि अभी भाजपा में कई सारे नेता शामिल होंगे। 

वहीं समीर कुमार ने पाला बदलने की खबरों का सिरे से खंडन किया है। उन्होंने मुख्यमंत्री से मुलाकात को औपचारिक भेंट बताया। समीर कुमार सिंह ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि ऐसी कोई बात नहीं है। मुख्यमंत्री जी हमारे क्षेत्र से हैं। उनसे हमने औपचारिक रूप से मुलाकात की है। बिहार के विकास और क्षेत्र के विकास पर बातचीत हुई है। कांग्रेस पार्टी में टूट होने वाली है, इसको लेकर उन्होंने कहा कि इस तरह की कोई बात हमारे संज्ञान में नहीं है। 

कांग्रेस के जो विधायक राज्यसभा चुनाव के वक्त गैरहाजिर हुए थे, उन पर पार्टी कार्रवाई कर रही है। उन सभी विधायकों को नोटिस भेजा गया है। उल्लेखनीय है कि विधानसभा के विशेष सत्र में एनडीए सरकार ने विश्वास मत हासिल कर लिया है। इसके बाद मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर चर्चाएं तेज हैं। शनिवार सुबह मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 1 अणे मार्ग पहुंचकर पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और केंद्रीय मंत्री ललन सिंह से मुलाकात की।

Web Title: 'Operation Lotus' in Bihar too? Congress MLC Sameer Kumar Singh meets Samrat Chaudhary; party MLA Surendra Kushwaha has also held a meeting with the Chief Minister

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे