पटना: बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद और मोकामा से जदयू के बाहुबली विधायक अनंत सिंह के बीच हुई एक दिलचस्प बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें सोनू सूद, अनंत सिंह को मुंबई आने का न्योता देते नजर आ रहे हैं, जिस पर अनंत सिंह अपने खास अंदाज में जवाब देते हैं-‘आवेंगे।’ दोनों के बीच हुई यह हल्की-फुल्की बातचीत लोगों को खूब पसंद आ रही है। बता दें कि अभिनेता सोनू सूद पहले भी एक इंटरव्यू में अनंत का जिक्र कर चुके हैं।
वीडियो कॉल के दौरान सोनू सूद अनंत सिंह को मुंबई आने का न्योता देते हुए कहते हैं, “मुंबई आइए न हमारे पास।” इस पर अनंत सिंह अपने खास अंदाज में जवाब देते हैं, “आवेंगे (आएंगे)।” दोनों के बीच की यह छोटी लेकिन मजेदार बातचीत सोशल मीडिया पर खूब शेयर की जा रही है। बातचीत के दौरान सोनू सूद ने यह भी कहा कि वह खुद मोकामा आकर अनंत सिंह से मिलना चाहेंगे और उनके घर लिट्टी-चोखा खाने की इच्छा जताई। इस पर अनंत सिंह ने भी मुस्कुराते हुए उन्हें आने का निमंत्रण दिया।
सोनू सूद पहले भी अनंत सिंह के व्यक्तित्व की तारीफ कर चुके हैं। एक पॉडकास्ट में उन्होंने कहा था कि अनंत सिंह का व्यक्तित्व और बोलने का अंदाज उन्हें काफी दिलचस्प लगता है और वह अपने फिल्मी किरदारों के लिए ऐसे लोगों से प्रेरणा लेते हैं। उन्होंने यह भी बताया था कि पटना दौरे के दौरान अनंत सिंह के बेटे से मुलाकात कर उन्हें उनके व्यक्तित्व को करीब से समझने का मौका मिला। उल्लेखनीय है कि भोजपुरी इंडस्ट्री के प्रति भी सोनू सूद का खास लगाव है।
उन्होंने अपने पसंदीदा कलाकारों में पवन सिंह, मनोज तिवारी और खेसारी लाल यादव का नाम लिया है। उनकी आने वाली फिल्म “नंदी” में बिहार की संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी, जिसमें पवन सिंह का गाना भी शामिल है। बता दें कि मोकामा विधायक अनंत सिंह अपनी बेबाक शैली के लिए जाने जाते हैं और बिहार की राजनीति का बड़ा नाम हैं।