Bid Adieu to Ratan Tata: भारतीय उद्योगपति रतन टाटा का 86 वर्ष की आयु में निधन हो गया। मुंबई के एनसीपीए ग्राउंड पर श्रद्धांजलि दिया जा रहा है। राष्ट्रपति द्रौपदी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी औ ने टाटा समूह के दिवंगत चेयरमैन एमेरिटस को श्रद्धांजलि दी। मुंबई में अमित शाह पहुंच गए हैं। विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी शोक व्यक्त किया और रतन टाटा के मूल्यों और योगदान को याद किया। नेपाल के प्रधानमंत्री ओली शर्मा और भारत में अमेरिकी राजदूत एरिक गार्सेटी सहित विदेशी गणमान्य व्यक्तियों ने निधन पर शोक व्यक्त किया।
राष्ट्रीय प्रदर्शन कला केंद्र (एनसीपीए) में दिवंगत रतन टाटा को श्रद्धांजलि देने के लिए पहुंचे लोगों की उमड़ती जनभावनाओं के बीच चित्रकार नीलेश मोहिते उद्योगपति को यादकर भावुक हो गए। उन्होंने बताया कि कैसे इस नेकदिल व्यक्ति ने उनकी रचनाओं को ताजमहल पैलेस होटल में प्रदर्शित करवाया था। मोहिते (30) पेशे से चित्रकार हैं और दक्षिण मुंबई में एक झुग्गी कॉलोनी में रहते हैं।
मोहिते ने कहा कि टाटा से वह कोविड-19 महामारी से पहले मिले थे और उन्हें अपनी एक पेंटिंग उपहार में दी थी। यह तस्वीर अब दिग्गज उद्योगपति के कोलाबा स्थित घर की शोभा बढ़ा रही है। मोहित ने कहा कि टाटा ने इस तस्वीर के बदले उन्हें एक लिफाफे में चेक दिया लेकिन उन्होंने वह चेक लेने से इनकार कर दिया और पूछा कि इसके बजाय क्या वह उन्हें कोई नौकरी दे सकते हैं।
मोहिते ने कहा, ‘‘नौकरी पर बात तो नहीं बन पाई। लेकिन रतन टाटा ने मुझे कोविड-19 महामारी के बाद कोलाबा में ताजमहल पैलेस होटल में अपनी तस्वीरों की सप्ताह तक प्रदर्शनी लगाने का अवसर दिया।’’ उद्योगपति रतन टाटा का बुधवार रात को यहां एक अस्पताल में निधन हो गया था। पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए दक्षिण मुंबई के एनसीपीए में रखा गया। अंतिम संस्कार मुंबई के वर्ली में किया जाएगा।
टाटा के पूर्व कर्मचारी ने रतन टाटा को याद करते हुए बताया ‘अद्भुत व्यक्ति’
टाटा समूह की एक कंपनी के 90 वर्षीय पूर्व कर्मचारी आदि पावरी ने बृहस्पतिवार को रतन टाटा के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए उन्हें एक ‘अद्भुत व्यक्ति’ बताया। रतन टाटा का बुधवार रात मुंबई के एक अस्पताल में निधन हो गया। वह 86 वर्ष के थे। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि दिवंगत उद्योगपति का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।
पावरी ने मुंबई स्थित पारसी कॉलोनी में ‘पीटीआई वीडियो’ से कहा, ‘‘मुझे याद है कि नवल टाटा (रतन टाटा के पिता) चुनाव लड़ते थे (कंपनी में), जिमी टाटा, टाटा टेक्सटाइल में मेरे अधीन थे, वह टाटा अहमदाबाद के प्रभारी थे। टाटा परिवार का वर्णन करने के लिए कोई शब्द नहीं हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘वह (रतन टाटा) निश्चित रूप से एक अद्भुत व्यक्ति थे। निश्चित ही उन्हें स्वर्ग मिला होगा।’’
पारसी कॉलोनी में रहने वाले एक और व्यक्ति दयाल ने कहा कि रतन टाटा बहुत विनम्र और महान व्यक्ति थे। उन्होंने कहा, ‘‘यह पूरे पारसी समुदाय और देश की क्षति है। टाटा की कंपनियों का 70 से 75 प्रतिशत मुनाफा परमार्थ कार्यों में जाता है। मुझे नहीं लगता कि ऐसा कोई करता है।’’