कठुआ में मासूम बच्ची के साथ गैंगरेप के बाद देश गुस्से में था। देश के अधिकतर लोगों ने इस मामले की कड़े शब्दों में आलोचना की और सड़कों पर उतर कर महिला विरोधी मानसिकता व मासूमों के साथ दरिंदगी का पुरजोर विरोध किया। फलस्वरूप केंद्र सरकार द्वारा आध्यादेश लाकर बच्चियों के साथ बलात्कार पर फांसी की सजा का प्रावधान किया गया लेकिन इसके बावजूद देश में मासूम बच्चियों के साथ दरिंदगी की घटनाओं में कमी नहीं आई है।
ताजा मामला आंध्र प्रदेश के गुंटूर जिले में सामने आया है जहां डाचेपल्ले गांव में 9 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ एक 60 वर्षीय बुजुर्ग द्वारा रेप किया गया है। आरोपी का नाम अन्नाम सुबैया बताया जा रहा है जोकि एक रिक्शा चालक था। घटना के सामने आने के बाद आसपास के क्षेत्र में तनाव तनाव का माहौल व्याप्त हो गया और आक्रोशित लोग न्याय की मांग को लेकर सड़कों पर उतर गए। जिसके बाद आरोपी 60 वर्षीय रिक्शाचालक ने आत्महत्या कर ली। उग्र भीड़ ने आरोपी को फांसी देने या गोली मारने की माँग के नारे लगाये थे। पुलिस आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी थी। क्रुद्ध जनता ने गुरुवार (चार मई) को गुंटूर जिले की हाईवे को जाम कर दिया था जिसकी वजह से 18 किलोमीटर लम्बा जाम लग गया था।
रिपोर्ट्स के मुताबिक आरोपी सुबैया बीते बुधवार रात (2 मई) को मासूम बच्ची को बिस्किट का लालच देकर घर से दूर ले गया जहां उसके साथ डरा-धमका कर दुष्कर्म किया। दुष्कर्म के बाद आरोपी ही बच्ची को उसके घर छोड़ आया था।
बच्ची के परिजनों ने जब उसे खून से लथपथ देखा तो उसे लेकर नजदीकी अस्पताल पहुंचे। डॉक्टरों ने बच्ची के साथ दुष्कर्म की पुष्टि करते हुए उसे सरकारी अस्पताल रेफर कर दिया था जिसके बाद उसे गुंटूर के ही सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां पीड़िता की गंभीर हालत को देखते हुए आईसीयू में रखा गया है।
मामला प्रकाश में आने के बाद आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने ट्वीट कर घटना पर अपनी नाराजगी जताते हुए आरोपी पर सख्त कार्रवाई का निर्देश दिए थे।