नई दिल्ली: मशहूर अभिनेता और फिल्म डायरेक्टर सतीश कौशिक के अचानक निधन ने बॉलीवु़ड सहित सभी को चौंका दिया है। अभी तक सामने आई जानकारी के अनुसार मौत से एक दिन पहले तक स्वस्थ्य नजर आ रहे और होली पार्टी कर रहे सतीश कौशिक का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। उनका निधन दिल्ली में हुआ। अब मामले में दिल्ली पुलिस सीआरपीसी की धारा 174 (आत्महत्या या अन्य एंगल पर जांच) के तहत मामले की तहकीकात कर रही है।
दिल्ली पुलिस ने बताया है कि वह सीआरपीसी की धारा 174 (आत्महत्या आदि पर पूछताछ और रिपोर्ट करने के लिए) के तहत नियमित कार्यवाही कर रही है। इसका उद्देश्य यह पता लगाना है कि क्या मृत्यु रहस्यमय परिस्थितियों या अप्राकृतिक कारणों से हुई।
होली पार्टी के बाद बिगड़ी थी तबियत
सामने आई जानकारी के अनुसार सतीश कौशिक 7 मार्च को शबाना आजमी और जावेद अख्तर की होली पार्टी में शामिल हुए थे। इसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल भी हो रही हैं। इसके बाद वह दिल्ली पहुंच गए थे और एक करीबी दोस्त की होली पार्टी में शामिल हुए। एक फार्म हाउस पर 8 मार्च को इस होली पार्टी का आयोजन हुआ था। इसके बाद उनकी तबीयत खराब हुई और बेचैनी महसूस होने लगी।
तबीयत खराब होने के बाद उन्हें बुधवार देर रात फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की काफी कोशिश की लेकिन वे सफल नहीं हो सके। कौशिक ने देर रात दम तोड़ दिया।
सतीश कौशिक के शव का कराया जा रहा पोस्टमार्टम
बताया जा रहा है कि अस्पताल की ओर से सतीश कौशिक की मौत की बात दिल्ली पुलिस को बताई गई। अब पुलिस मामले में हर एंगल से जांच कर रही है। हालांकि फिलहाल, कुछ भी संदेहास्पद बात सामने नहीं आई है। इस बीच दिल्ली पुलिस सतीश कौशिक के शव को पोस्टमार्टम के लिए दिल्ली के हरिनगर स्थित दीन दयाल अस्पताल लेकर पहुंची है।
सतीश कौशिक ने मौत से पहले क्या कुछ खाया-पीया था, मौत की वजह क्या था, यह सब पोस्टमॉर्टम में साफ हो सकता है। इस बीच पुलिस कौशिक के परिवार और उन्हें अस्पताल पहु्ंचाने वालों के भी संपर्क में है। बताया जा रहा है कि सतीश कौशिक का पार्थिव शरीर अंतिम संस्कार के लिए आज शाम मुंबई ले जाया जा सकता है।
अनुपम खेर ने सबसे पहले ट्वीट कर दी थी निधन की जानकारी
इससे पहले गुरुवार तड़के अनुपम खेर ने सतीश कौशिक के निधन की जानकारी देते हुए ट्वीट किया, 'जानता हूँ “मृत्यु ही इस दुनिया का अंतिम सच है!” पर ये बात मैं जीते जी कभी अपने जिगरी दोस्त सतीश कौशिक के बारे में लिखूँगा, ये मैंने सपने में भी नहीं सोचा था। 45 साल की दोस्ती पर ऐसे अचानक पूर्णविराम !! सतीश तुम्हारे बिना जिंदगी अब कभी पहले की तरह नहीं रहेगी! ओम् शांति!'
फिल्म अभिनेता के रूप में आम लोगों के बीच सतीश कौशिक को पहचान 1987 में आई फिल्म 'मिस्टर इंडिया' के कैलेंडर किरदार से मिली। इसके बाद 'दीवाना मस्ताना' में पप्पू पेजर का किरदार निभाया जो बेहद पसंद किया गया। सतीश कौशिक को 1990 में राम लखन के लिए और 1997 में साजन चले ससुराल के लिए सर्वश्रेष्ठ हास्य अभिनेता का फिल्मफेयर पुरस्कार भी मिला था। सतीश कौशिक ने रूप की रानी चोरों का राजा, प्रेम, हम आपके दिल में रहते हैं और तेरे नाम आदि फिल्मों का निर्देशन भी किया।