लाइव न्यूज़ :

हेमधर शर्मा ब्लॉग: अनसोशल बनाती सोशल साइट्‌स से बचपन को बचाने की चुनौती

By लोकमत समाचार ब्यूरो | Updated: December 4, 2024 07:16 IST

कॉमिक्स पढ़ने में वे इतने तल्लीन हो जाते थे कि खाना-पीना तक भूल जाते थे. आज अपने दौर के बच्चों के लिए हमने क्या इंतजाम किया है?

Open in App

ऑस्ट्रेलियाई संसद ने सोलह वर्ष तक के बच्चों को कथित सोशल मीडिया/साइट्‌स से दूर रखने वाला अपना बहुचर्चित विधेयक पारित कर दिया है. विशेष बात यह है कि इसके पालन की जिम्मेदारी सोशल कही जाने वाली साइट्‌स पर ही डाली गई है अर्थात किसी बच्चे ने अगर इन पर अपना अकाउंट बना लिया तो इन कंपनियों को सैकड़ों करोड़ रुपए का जुर्माना भरना होगा. ऑस्ट्रेलिया अकेला नहीं है, बहुत सारे देशों ने इस तरह का प्रतिबंध लगा रखा है, लेकिन इतना सख्त आर्थिक दंड लगाने वाला वह पहला देश है. देखना दिलचस्प होगा कि इसके नतीजे क्या निकलते हैं. यह विडम्बना ही है कि जिसे हम सोशल मीडिया कहते हैं, उसने हमें अनसोशल ही बनाया है. सुदूर बैठे लोगों से हम आभासी तौर पर जुड़ जाते हैं लेकिन निकट के लोगों से वास्तविक दूरी पैदा हो जाती है.

हममें से अधिकांश लोग इस गलतफहमी में होते हैं कि बच्चों को हम जो सिखाते हैं, वे वही सीखते हैं; जबकि हकीकत यह है कि वे हमारे क्रियाकलापों का अनुकरण करते हैं. इसलिये कथित सोशल मीडिया से बच्चों को दूर करने से पहले क्या हम बड़ों को ही इससे दूर नहीं होना चाहिए? अगर हमें पता है कि सोशल के मुखौटे में यह अनसोशल है तो खुद भी दूर रहकर हम इसे हतोत्साहित क्यों नहीं करते?

सोशल मीडिया/साइट्‌स से दूर रखकर हम बचपन को बदसूरत बनने से रोकने की कोशिश तो कर रहे हैं लेकिन उसे खूबसूरत बनाने के लिए क्या कर रहे हैं? पुराने जमाने में हमारे देश में पंचतंत्र-हितोपदेश जैसे ग्रंथों का निर्माण बच्चों को संस्कार देने के लिए ही किया गया था. एक समय था जब बच्चों में चंपक, चंदामामा, पराग जैसी बाल पत्रिकाओं के लिए दीवानगी रहती थी. कॉमिक्स पढ़ने में वे इतने तल्लीन हो जाते थे कि खाना-पीना तक भूल जाते थे. आज अपने दौर के बच्चों के लिए हमने क्या इंतजाम किया है? छोटे-छोटे बच्चे भी मोबाइल में रील्स देखने के इतने आदी हो गए हैं कि मोबाइल छुड़ाने की कोशिश करो तो जमीन-आसमान एक कर देते हैं. थोड़ा बड़े बच्चों को ऑनलाइन गेम की इतनी लत लग जाती है कि मैदानी खेलों के अभाव में कमजोर होते जाते हैं.

क्या हम कभी इस बात की फिक्र करते हैं कि बच्चों के लिए स्वस्थ साहित्य का सृजन हो, उन्हें खेलने के लिए पर्याप्त मैदान उपलब्ध हों, उनकी जिज्ञासाओं को हम शांत करें, उन्हें किस्से-कहानियां सुनाएं?

सच तो यह है कि हम आज इतने व्यस्त हो गए हैं कि बच्चों को मोबाइल देकर उनके अंतहीन सवालों से पीछा छुड़ा लेना हमें ज्यादा आसान लगता है. कहते हैं पुराने जमाने में अगर कोई बच्चा ज्यादा रोता या परेशान करता था तो कुछ माता-पिता उसे सरसों के दाने के बराबर अफीम चटा देते थे, जिससे बच्चा नशे में सो जाता था. अफीम का नशा तो फिर भी कुछ घंटों बाद उतर जाता था लेकिन बच्चों को हम मोबाइल का जो नशा लगा रहे हैं, क्या वह जिंदगीभर कभी उतरेगा?

इसीलिए बच्चों को कथित सोशल मीडिया के घातक नशे से बचाने के लिए ऑस्ट्रेलिया जैसे देश जो गम्भीर प्रयास कर रहे हैं वह बहुत सराहनीय है. लेकिन उसे हटाने पर बच्चों के जीवन में जो खाली स्थान पैदा होगा, उसे भरने के लिए हम क्या तैयारी कर रहे हैं?

टॅग्स :सोशल मीडियाइंस्टाग्रामफेसबुकव्हाट्सऐप
Open in App

संबंधित खबरें

ज़रा हटके'चिंकी-मोमो', 'चाइनीज' कहकर किया अपमान, अरुणाचल से आई डांस टीम के साथ पटना में बदसलूकी; VIDEO वायरल

कारोबारदर्द कोई समझे, रील्स से बर्बादी तक?, कैसे पर्यटक और कंटेंट क्रिएटर्स पंपोर सरसों खेतों को पहुंचा रहे हैं नुकसान?

ज़रा हटकेViral Video: बाइक को पेट्रोल से नहलाता दिखा इंफ्लूएंसर, लोगों का फूटा गुस्सा

ज़रा हटकेVIRAL VIDEO: जब ट्रेन में जवानों के लिए 'देवदूत' बना टीटीई, सोशल मीडिया पर वायरल हुआ दिल जीतने वाला पल

ज़रा हटकेआखिर क्यों मार्च महीना खत्म ही नहीं हो रहा?, फिर से सोचिए 2026 में अभी क्या-क्या हुआ?, वीडियो

टेकमेनिया अधिक खबरें

टेकमेनियाएआई: तकनीकी प्रगति या पर्यावरणीय संकट? 

टेकमेनियाPoco M8 5G Launched in India: 50MP कैमरा, 5520mAh बैटरी और 15,999 की लॉन्च कीमत

टेकमेनियाThe Realme 16 Pro 5G Price: 7000mAh की दमदार बैटरी के साथ इंडिया में लॉन्च हुआ Realme 16 Pro 5G, जानें कीमत, फीचर्स और भी बहुत कुछ

टेकमेनियाGoogle Doodle Today: नए साल के पहले दिन पर गूगल ने बनाया खास डूडल, जानिए क्यों है ये खास

टेकमेनियाYouTube down: यूट्यूब हुआ डाउन, भारत और यूएस में हजारों यूजर्स ने वीडियो स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म के साथ समस्याओं की शिकायत की