Knife attack at Paris railway station: फ्रांस की राजधानी पेरिस के गारे डे ल्योन रेलवे स्टेशन पर चाकू से किए गए हमले में तीन लोग घायल हो गए हैं। पुलिस ने शनिवार 3 फरवरी को ये जानकारी दी। पेरिस पुलिस ने संदिग्ध हमलावर को गिरफ्तार कर लिया है। हिरासत में लिए गए व्यक्ति की राष्ट्रीयता उजागर नहीं की गई है।
जानकारी के अनुसार पेरिस के गारे डे ल्योन रेलवे स्टेशन पर सुबह लगभग 8:00 बजे एक व्यक्ति ने चाकूबाजी शुरू कर दी। गारे डे ल्योन रेलवे स्टेशन फ्रांस का प्रमुख यात्रा केंद्र है। यहां से घरेलू ट्रेनों के अलावा स्विट्जरलैंड और इटली जाने के लिए भी सेवा उपलब्ध है। पुलिस ने कहा है कि चाकू से किए हमले में एक व्यक्ति को गंभीर चोटें आईं जबकि दो अन्य मामूली रूप से घायल हुए।
पुलिस सूत्रों के अनुसार संदिग्ध ने अपने हमले के दौरान कोई भी धार्मिक नारा नहीं लगाया। गिरफ्तारी के बाद उसने पुलिस को एक इटालियन ड्राइविंग लाइसेंस सौंपा। रेल ऑपरेटर एसएनसीएफ ने बताया है कि घटना के बाद स्टेशन के हॉल को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है।