न्यूजीलैंड के क्राइस्टचर्च में हुई गोलीबारी का एक हैरान करने वाला पहलू सामने आया है। दरअसल, हमलावर लगातार इस गोलीबारी की लाइव स्ट्रिमग सोशल मीडिया पर कर रहा था। यह वीडियो अब वायरल हो रहा है। इस घटना में कई लोगों के हताहत होने की खबर है।
रिपोर्ट्स के अनुसार हमलावर ने कार से मस्जिद जाने के दौरान लाइव स्ट्रिमंग की शुरुआत की। न्यूजीलैंड पुलिस ने बताया है कि हमलावर ने कई हथियार कार की अगली सीट पर रखे हुए। साथ में पेट्रोल के डब्बे भी उसने अपने पास रखा हुआ था।
स्थानीय मीडिया के मुताबिक मस्जिद में दाखिल होने के दौरान उसके हाथ में हथियार थे। अंदर जाते ही उसने अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी और इस दौरान लाइवस्ट्रिमंग करीब 15 मिनटों तक जारी रही। बहरहाल, न्यूजीलैंड पुलिस ने फिलहाल सोशल मीडिया पर वायरल हो चुके इस वीडियो को लोगों से शेयर नहीं करने की गुजारिश की है। स्थानीय पुलिस ने कहा है कि वे इस वीडियो को सोशल मीडिया से हटाने की कोशिश में लगे हुए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियो के अनुसार गोलीबारी करने वाला शख्स सेना की तरह कपड़े पहने हुए था और उसने अल नूर में अपने स्वचलित रायफल से फायरिंग शुरू की। इस घटना में बांग्लादेश क्रिकेट टीम के खिलाड़ी बाल-बाल बच गये हैं। दरअसल, जब गोलीबारी की घटना शुरू हुई तब खिलाड़ी नमाज पढ़ने के लिए बस से उतर ही रहे थे।
सीएनएन के अनुसार एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि वह जिस मस्जिद में गोलीबारी के दौरान मौजूद था, उस समय वहां करीब 200 लोग थे। शहर को लॉकडाउन कर दिया गया है, यानी कोई भी व्यक्ति शहर के अंदर या शहर से बाहर नहीं जा सकता। वहीं, न्यूजीलैंड की प्रधानमंत्री जेकिंडा अर्डर्न ने इसे देश के इतिहास के काले दिनों में से एक बताया है।