लाइव न्यूज़ :

अफगानिस्तान में अमेरिका का सबसे लंबा युद्ध तालिबान की सत्ता में वापसी के साथ समाप्त

By भाषा | Updated: August 31, 2021 20:16 IST

Open in App

अफगानिस्तान से अपने सभी सैनिकों को वापस बुलाने के बाद राष्ट्रपति जो बाइडन ने मंगलवार को घोषणा की कि युद्धग्रस्त देश में अमेरिका ने सबसे लंबे समय तक चले युद्ध को समाप्त कर दिया है। अफगानिस्तान से अमेरिकी बलों की पूर्ण वापसी के बाद तालिबान ने काबुल के अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे को पूरी तरह अपने नियंत्रण में ले लिया है। अमेरिकी बलों को ले जाने वाला आखिरी विमान निर्धारित समय से एक दिन पहले सोमवार मध्य रात्रि को अफगानिस्तान से रवाना हुआ। इस तरह 20 साल तक चले युद्ध का अंत हो गया। इस युद्ध में 2,500 अमेरिकी सैनिक मारे गये। सी17 विमान काबुल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से सैनिकों के अंतिम समूह को लेकर रवाना होते ही अफगानिस्तान में अमेरिकी सैन्य अभियान का समापन हो गया। अमेरिकी सेना के अफगानिस्तान में अपनी सैन्य मौजूदगी पूरी तरह खत्म करने के बाद तालिबान लड़ाकों ने जीत का जश्न मनाने के लिए काबुल में हवा में गोलियां चलाईं। बाइडन ने अफगानिस्तान से समय-सीमा (31 अगस्त) के भीतर सैनिकों की सुरक्षित वापसी के लिये सशस्त्र बलों का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा, ‘‘अब, अफगानिस्तान में 20 साल पुरानी हमारी सैन्य मौजूदगी समाप्त हो गयी है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ अभी के लिये, मैं इतना ही बताना चाहूंगा कि योजना के अनुसार हमारे अभियान को सम्पन्न करने के लिए जमीनी स्तर पर मौजूद सभी ज्वाइंट चीफ तथा हमारे सभी कमांडर ने सर्वसम्मति से सिफारिश की थी। उनका विचार था कि हमारे सैन्य अभियान को पूर्ण करना हमारे सैनिकों के जीवन की रक्षा और आने वाले सप्ताहों तथा महीनों में अफगानिस्तान छोड़ने के इच्छुक लोगों की संभावनाओं को सुदृढ़ करने का सबसे बेहतर तरीका है।’’ अमेरिकी राष्ट्रपति मंगलवार को देश को भी संबोधित करेंगे। बाइडन ने कहा कि उन्होंने विदेश मंत्री से अमेरिका के अंतरराष्ट्रीय सहयोगियों के साथ निरंतर समन्वय स्थापित करने को कहा है ताकि युद्धग्रस्त देश छोड़ने को इच्छुक किसी भी अमेरिकी, अफगान सहयोगियों और विदेशी नागरिकों के लिए सुरक्षित मार्ग सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने कहा, ‘‘सबसे पहले, हमारे सैनिकों और राजनयिकों के लिए जिन्होंने काबुल में इस मिशन को अंजाम दिया और उम्मीद से ज्यादा लोगों को वहां से निकाला।’’ अमेरिकी मध्य कमान के प्रमुख जनरल केनेथ ‘‘फ्रैंक’’ मैकेंजी ने सोमवार को पेंटागन में एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान अफगानिस्तान के लिए मिशन की समाप्ति की घोषणा की। उन्होंने पत्रकारों को बताया कि आखिरी अमेरिकी विमान ने स्थानीय समयानुसार मध्यरात्रि से पहले काबुल में उड़ान भरी थी। उन्होंने कहा, ‘‘यह एक ऐसा मिशन है जिसमें ओसामा बिन लादेन को उसके अल-कायदा सह-साजिशकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई की गई।’’ उन्होंने कहा, ‘‘दो हजार 461 अमेरिकी सर्विस के सदस्य और नागरिक मारे गए, और 20,000 से अधिक घायल हुए।’’ मैकेंजी ने कहा कि अमेरिका ने काबुल हवाई अड्डे के जरिये 79,000 से अधिक नागरिकों को निकाला, जिनमें 6,000 अमेरिकी और लगभग 73,000 अफगान और तीसरे देश के नागरिक शामिल हैं। अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने कहा कि तालिबान को यात्रा की स्वतंत्रता, आतंकवाद का मुकाबला करने, महिलाओं और अल्पसंख्यकों सहित अफगान लोगों के मूल अधिकारों का सम्मान करने और एक समावेशी सरकार बनाने की अपनी प्रतिबद्धताओं को पूरा करके अंतरराष्ट्रीय वैधता और समर्थन अर्जित करना होगा। ब्लिंकन ने कहा कि अमेरिका तालिबान के नेतृत्व वाली सरकार की कथनी के आधार पर नहीं बल्कि वह अपनी प्रतिबद्धताओं पर खरा उतरने के लिये क्या करता है, इस आधार पर उसके साथ बातचीत करेगा। अमेरिका ने अफगानिस्तान से लोगों को निकालने का अपना मिशन मंगलवार तड़के पूरा कर लिया। इसके कुछ घंटे बाद ब्लिंकन ने राष्ट्र को संबोधित करते हुए कहा, “तालिबान अंतरराष्ट्रीय वैधता और समर्थन चाहता है। हमारा संदेश है: किसी भी वैधता और किसी भी समर्थन को उन्हें हासिल करना होगा।'' उन्होंने कहा, “तालिबान अपनी प्रतिबद्धताओं और दायित्वों को पूरा करके ऐसा कर सकता है; जिनमें यात्रा की स्वतंत्रता देना, महिलाओं और अल्पसंख्यकों सहित अफगान लोगों के मूल अधिकारों का सम्मान करना; आतंकवाद के खिलाफ अपनी प्रतिबद्धताओं को कायम रखना; अफगानिस्तान में रहने का विकल्प चुनने वालों के खिलाफ प्रतिशोध की कार्रवाई नहीं करना; और अफगान लोगों की जरूरतों तथा आकांक्षाओं को पूरा करने वाली समावेशी सरकार बनाना शामिल है।'' अमेरिका ने अफगानिस्तान से निकासी की समय सीमा 31 अगस्त निर्धारित की थी और इसके कुछ घंटे पहले ही उसने अफगानिस्तान में अपना युद्ध समाप्त करने की घोषणा की। अमेरिकी रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन ने सैनिकों की वापसी पर कहा कि दुनिया में कोई भी अन्य सेना वह नहीं कर सकती थी जो अमेरिका और उसके सहयोगियों ने अफगानिस्तान में इतने कम समय में कर दिखाया। ऑस्टिन ने अफगानिस्तान में अमेरिकी मिशन के समाप्त होने पर एक बयान में कहा, ‘‘दुनिया में कोई भी अन्य सेना वह नहीं कर सकती थी जो हमने, हमारे सहयोगियों और भागीदारों ने इतने कम समय में किया है। यह हमारे बलों और हमारे सहयोगियों की क्षमताओं को दिखाता है।’’ अमेरिका ने अफगानिस्तान में 20 साल लंबे युद्ध को समाप्त कर दिया और इस युद्ध में हजारों लोगों की मौत हुई। युद्ध में बड़ी संख्या में अफगानों और अमेरिकियों तथा उनके उत्तरी अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) देशों के लोग मारे गये है। और चूंकि अमेरिका ने इसके लिए भुगतान करने के लिए अधिकांश धन उधार लिया था, इसलिए आने वाली अमेरिकियों की पीढ़ियां इसकी लागत का भुगतान खरबों डॉलर में करेंगी।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Open in App

संबंधित खबरें

विश्वराष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बीजिंग यात्रा, ताइवान का जिक्र नहीं?, व्हाइट हाउस ने फैक्ट शीट जारी किया

विश्वतेलंगाना की रहने वाली 25 वर्षीय नव्या गडुसु की मौत और सड़क दुर्घटना में 6 घायल 

विश्वतेहरान में 90 मिनट तक बैठक?, अमेरिका-इजराइल के साथ टकराव के बीच पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान के साथ उच्च स्तरीय वार्ता

विश्वआज मानवता के सामने अनेक बड़ी चुनौतियां, पहले कोरोना आया, फिर युद्ध और अब energy crisis?, पीएम मोदी ने कहा- ये आपदाओं का दशक, वीडियो

विश्वकौन है अबू बक्र अल-मैनुकी?, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा- इस्लामिक स्टेट समूह का कुख्यात आतंकवादी ढेर?

विश्व अधिक खबरें

विश्वनीदरलैंड पीएम रॉब जेटन दुनिया में सबसे ज्यादा आबादी वाले देश भारत को क्यों ज्ञान दे रहे हैं?

विश्वप्रधानमंत्री मोदी को मिला 32वां अंतरराष्ट्रीय सम्मान?, नॉर्वे के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ग्रैंड क्रॉस ऑफ द रॉयल नॉर्वेजियन ऑर्डर ऑफ मेरिट’ से सम्मानित, वीडियो

विश्वईरान युद्ध के बीच रक्षा समझौते के तहत पाकिस्तान ने सऊदी में अपने 8,000 सैनिक और जेट किए तैनात

विश्वकौन हैं आरोन राय?, पीजीए चैंपियनशिप जीतकर रचा इतिहास, 1919 के बाद पीजीए जीतने वाले पहले भारतीय मूल के खिलाड़ी

विश्वस्वीडन में भारतीय प्रवासियों ने PM मोदी का भव्य बंगाली सांस्कृतिक स्वागत किया | VIDEO