बेंगलुरु: दिल्ली के कंझावला में हुए हिट एंड रन के मामले ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया। इस घटना को लोग अभी भूल भी नहीं पाए हैं कि बेंगलुरु में भी ऐसा ही एक हिट एन रन का मामला सामने आया है। यहां महिला ने एक शख्स को अपनी कार के बोनट पर कई किलोमीटर तक घसीटा है। अब इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि महिला खूब तेज गाड़ी चला रही है और उसकी कार के बोनट पर एक शख्स फंसा हुआ है।
शख्स को देखते हुए भी महिला कार नहीं रोकती और तेजी से आगे बढ़ती रहती है। गौरतलब है कि महिला ने शख्स को तीन किलोमीटर तक सड़क पर घसीटा है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने इसका संज्ञान लिया है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के मुताबिक, घटना बेंगलुरु के ज्ञानभारती नगर इलाके की है। घटना महिला और शख्स के बीच एक कहासुनी के बाद हुई है। जानकारी के मुताबिक, टाटा निक्सन कार और मारुति स्विफ्ट कार की एक दूसरे के साथ टक्कर हो गई थी। टाटा निक्सन कार महिला चला रही थी जिसका नाम प्रियंका बताया जा रहा है।
वहीं, शख्स की पहचान दर्शन के रूप में हुई है जो कि मारुति स्विफ्ट चला रहा था। जब दोनों की कारों के बीच टक्कर हुई तो दोनों चालकों के बीच कहासुनी हो गई। इस कहासुनी के बाद महिला दर्शन महिला को रोकने के लिए कार के आगे गया लेकिन तब महिला ने कार चला दी। इस दौरान शख्स ने बोनट पर छलांग लगा दी और वह कई किलोमीटर तक बोनट पर ही था और प्रियंका कार चलाती ही रही।
दोनों पक्षों की तरफ से केस दर्ज
बेंगलुरु पुलिस के अनुसार, प्रियंका ने दर्शन की कार को टक्कर मारी थी। इसके बाद शख्स ने महिला को रोका तो महिला ने शख्स को एक अश्लील संकेत किया और गाड़ी दूर ले जाने की कोशिश करने लगी इस दौरान दर्शन ने कार को रोका और बोनट पर छलांग लगा दी। हालांकि, प्रियंका ने कार नहीं रोकी और कई किलोमीटर तक गाड़ी चलाती ही रही।
पुलिस के अनुसार, प्रियंका के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 307 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है, वहीं, दर्शन के खिलाफ आईपीसी की धारा 354 के तहत केस दर्ज किया गया है।