नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के कानपुर मुठभेड़ का मुख्य आरोपी विकास दुबे की गिरफ्तारी के बाद ट्विटर पर ''मौलाना साद'' टॉप ट्रेंड करने लगा। तबलीगी जमात के प्रमुख मौलाना साद कांधलवी उस वक्त चर्चा में आए थे जब निजामुद्दीन मरकज में हुए तबलीगी जमात के कार्यक्रम में शामिल कुछ लोगों की कोरोना वायरस से मौत हो गई थी और देश के कई हिस्सों में तबलीगी जमात की वजह से कोरोना के मामलों में बढ़ोतरी हुई। दिल्ली पुलिस ने मौलान साद पर गैर इरादतन हत्या के अलावा कई केस दर्ज किए हैं। निजामुद्दीन मरकज/तबलीगी जमात मामले दिल्ली पुलिस ने मौलान साद को मुख्य आरोपी बनाया है। मई में मौलान साद के खिलाफ साकेत कोर्ट में चार्जशीट भी दायर की थी। दिल्ली पुलिस और क्राइम ब्रांच ने मरकज, मौलाना साद के घर और शामली स्थित फार्म हाउस में छापेमारी की है। मरकज मामले के 100 दिन से ज्यादा हो गए हैं लेकिन दिल्ली पुलिस मौलाना साद तक नहीं पहुंच पाई है।
''मौलाना साद'' ट्रेंड के साथ लोग ट्विटर पर लिख रहे हैं कि विकास दुबे तो गिरफ्तार हो गया लेकिन मौलाना साद की गिरफ्तारी कब होगी। एक यूजर ने लिखा है, #VikashDubey गिरफ्तार हो गया अच्छी बात है, अब मौलाना साद की भी गिरफ्तारी हो जाए, तो 2020 सफल मानेंगे।
कई लोगों ने लिखा है कि उम्मीद है दिल्ली पुलिस भी मौलान साद को जल्द गिरफ्तार करेगी। एक यूजर ने दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल को टैग करते हुए पूछा है, विकास दुबे पकड़ा गया। लेकिन सवाल ये है कि ये मौलाना साद कब पकड़ा जायेगा...? पूछता है भारत..?
वहीं सोशल मीडिया पर कुछ लोग इसे हिंदू-मुस्लिम और धर्म से जोड़ कर देख रहे हैं। एक यूजर ने लिखा है, '' विकाश दुबे गिरफ्तार हो गया, आप देख सकते हैं हिंदुओं में खुशी की लहर दौड़ गई है क्योकि हमारे लिए राष्ट्र सर्वोपरी है। लेकिन आप देखना जिस दिन मौलाना साद गिरफ्तार होगा, वह लोग रोने लगेंगे।''
कई यूजर तो इसके साथ मीम भी शेयर कर रहे हैं।
तबलीगी जमात के प्रमुख मौलाना साद पर क्या-क्या केस दर्ज हैं?
दिल्ली पुलिस ने तबलीगी जमात के प्रमुख मौलाना साद के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया है। यह हत्या के मामले में दूसरी सबसे बड़ी धारा है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, साद और अन्य के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी में भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 304 जोड़ी गई है।
दिल्ली पुलिस ने मौलाना सादपर लॉकडाउन के आदेशों का कथित तौर पर उल्लंघन कर धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन करने के आरोप में भी प्राथमिकी दर्ज किया है।
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मौलाना साद कांधलवी, जमात से संबंधित ट्रस्ट और अन्य के खिलाफ धन शोधन का मामला दर्ज किया है।