Gujarat Municipal Election Results 2021: गुजरात के छह नगर निगम में मतगणना जारी है। भाजपा और कांग्रेस में टक्कर है। रविवार को मतदान हुआ था।
हालांकि आम आदमी पार्टी और असदुद्दीन ओवैसी की ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) पहली बार स्थानीय निकाय चुनाव लड़ रही है। अहमदाबाद, सूरत, राजकोट, वडोदरा, भावनगर और जामनगर नगर निगमों के कुल 144 वार्ड में मतगणना हो रहा है।
अहमदाबाद, सूरत, राजकोट, वडोदरा, भावनगर और जामनगर में भाजपा की बढ़त जारी है। सूरत में कांग्रेस आम आदमी पार्टी (आप) से पीछे है। अहमदबाद में भाजपा 62 सीट पर आगे है और 10 सीट पर कांग्रेस और 4 पर अन्य आगे है।
सूरत में भाजपा 25 सीटों पर आगे
सूरत में भाजपा 25 सीटों पर आगे है, 15 सीट पर आप और 5 सीटों पर कांग्रेस आगे है। वडोदरा में भाजपा 11 सीट पर आगे है। राजकोट में भारतीय जनता पार्टी 20 सीट पर आगे है। जामनगर की 11 सीट पर भाजपा ने बढ़त बना ली है। भावनगर की 23 सीटों पर भाजपा आगे है।
चुनावों में मुख्य मुकाबला भाजपा और मुख्य विपक्षी कांग्रेस के बीच है। भाजपा का पिछले कई कार्यकाल से इन छह नगर निगमों पर शासन रहा है। आम आदमी पार्टी (आप) ने दावा किया है कि वह भाजपा और कांग्रेस के सामने एक प्रभावी विकल्प होगी, जबकि अधिकारियों ने कहा कि 575 सीटों पर मतदान के लिए लगभग 32,000 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया।
कुल 2,276 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं
प्रत्येक वार्ड में चार पार्षद हैं। छह नगर निगमों में कुल 2,276 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। इसके अलावा, जूनागढ़ नगर निगम में दो सीटों पर उपचुनाव के लिए नौ उम्मीदवार भी मैदान में हैं। चुनाव लड़ने वालों में भाजपा से 577, कांग्रेस से 566, आप से 470, राकांपा से 91, अन्य दलों से 353 और 228 निर्दलीय उम्मीदवार शामिल हैं।
राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, कुल 1.14 करोड़ मतदाता हैं, जिनमें 60.60 लाख पुरुष और 54.06 लाख महिलाएं शामिल हैं। 11,121 चुनाव बूथ में से 2,255 संवेदनशील तथा 1,188 को अत्यंत संवेदनशील घोषित किया गया है। इसके बाद 28 फरवरी को 31 जिला तथा 231 तालुका पंचायतों और 81 नगर निकायों के लिए चुनाव होगा।