जयपुरः कांग्रेस ने राज्य में जारी राजनीतिक घटनाक्रम के बीच 'भाजपा द्वारा राजस्थान में लोकतंत्र की हत्या के षड़यंत्र के खिलाफ' शनिवार को जिला मुख्यालयों पर धरना प्रदर्शन करने की घोषणा की है।
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने ट्वीट कर यह जानकारी दी। उन्होंने ट्वीट किया,'भाजपा द्वारा राजस्थान में लोकतंत्र की हत्या के षड़यंत्र के खिलाफ कल सुबह 11 बजे सभी जिला मुख्यालयों पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा धरना प्रदर्शन किया जायेगा।'
यह ट्वीट ऐसे समय में किया गया जबकि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की अगुवाई में कांग्रेस व उसके समर्थक विधायकों ने यहां राजभवन में राज्यपाल कलराज मिश्र से मुलाकात की। विधायक विधानसभा का विशेष सत्र बुलाने का सामूहिक आग्रह करने राज्यपाल के पास गए थे।
कांग्रेस विधायक राजभवन में धरने पर बैठे
राजस्थान में कांग्रेस विधायक तथा अशोक गहलोत सरकार के समर्थक अन्य विधायक शुक्रवार अपराह्न राजभवन के दालान में धरने पर बैठ गए। ये विधायक विधानसभा का विशेष सत्र बुलाने का सामूहिक आग्रह करने के लिए राजभवन गए थे।
परिवहन मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने कहा,' हमने राज्यपाल से नियमों के तहत विधानसभा का सत्र बुलाने का आग्रह किया। राज्यपाल केंद्र के निर्देशों पर काम कर रहे हैं। जब तक सत्र की तारीख नहीं दी जाती है हम यहां पर बैठे हैं।' मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इससे पहले राज्यपाल कलराज मिश्र से मुलाकात की। इसके बाद राज्यपाल विधायकों से मिलने भी आए।