नई दिल्ली: दिल्ली से मुंबई जा रही एक फ्लाइट में केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री डॉक्टर भागवत किसनराव कराड द्वारा एक यात्री की जान बचाने के बाद जमकर तारीफ हो रही है। फ्लाइट में यात्री की तबीयत अचानक बहुत खराब हो गई थी। इसके बाद किसनराव कराड आगे आए और उसे मेडिकल सहायत दी। ये मामला मंगलवार का है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी कराड द्वारा ये तत्परता दिखाए जाने पर उनकी जमकर तारीफ की। पीएम मोदी ने ट्वीट किया, 'दिल से हमेशा एक डॉक्टर! मेरे साथी डॉक्टर कराड ने शानदार काम किया।'
उड़ान भरने के एक घंटे बाद यात्री की तबियत हुई खराब
इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक कराड ने पूरे मामले पर कहा, 'मैं मंगलवार दोपहर 1.05 बजे दिल्ली से मुंबई के लिए फ्लाइट में रवाना हुआ था और 1F सीट पर बैठा हुआ था। करीब 2 बजे एयर होस्टेस ने घोषणा की कि फ्लाइट में कोई डॉक्टर बैठे हो तो संपर्क करें। मैंने समस्य के बारे में पूछा तो उन्होंने बताया कि एक यात्री को जल्द मदद की जरूरत है।'
कराड ने आगे बाताया, 'मैं वहां गया जहां 45 साल का शख्स लेटा हुआ था। मुझे उसकी नब्ज महसूस नहीं हो रही थी और लगा कि वह वासोवागल सिंकोम (vasovagal syncome) से पीड़ित है। वह सीटों की दो पंक्तियों के बीच था। मैंने उसकी कमीज उतारी और उसकी छाती की मालिश की और उसके पैरों को तकिये पर रख दिया ताकि उसके दिल में खून का प्रवाह बढ़ सके। जल्द ही उसे होश आया और फिर हमने उसे ग्लूकोज वाला पानी दिया। उन्हें उच्च रक्तचाप या शुगर की समस्या नहीं थी, और होश में आने के बाद उन्होंने हमसे बात की।'
बाल रोग सर्जन हैं भागवत कराड
कराड इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E 171 से यात्रा कर रहे थे, जब ये सबकुछ हुआ। दरअसल, कराड एक बाल रोग सर्जन हैं। उन्होंने मुंबई के केईएम अस्पताल में पढ़ाई की और बाद में राजनीति में आ गए। बहरहाल, फ्लाइट करीब 45 मिनट बाद 3.20 बजे मुंबई में उतरी और शख्स को बेहतर मेडिकल सहायता के लिए ले जाया गया।
कराड जुलाई 2021 में वित्त राज्य मंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी कैबिनेट में शामिल हुए थे। वह महाराष्ट्र से राज्यसभा सांसद हैं।