Narendra Modi In Morena: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को मध्य प्रदेश के मुरैना में थे। पीएम मोदी ने यहां पर एक चुनावी सभा को संबोधित किया। पीएम मोदी ने कहा कि देश के विकास के लिए एक स्थिर और मजबूत सरकार कितनी जरूरी होती है, ये मध्य प्रदेश के लोग बहुत अच्छे से जानते हैं। पीएम ने कहा कि मुरैना ने हमेशा उन्हीं का साथ दिया है, जिनके लिए राष्ट्र प्रथम है।
आप सबका उत्साह देखकर मैं कह सकता हूं कि मुरैना आज भी न अपने संकल्प से डिगा है और न ही कभी डिगेगा। मुरैना ने मन बना लिया है-फिर एक बार मोदी सरकार। पीएम ने कहा कि भाजपा सरकार में हुए विकास को भिंड, मुरैना, ग्वालियर के वो लोग और ज्यादा अनुभव कर रहे हैं, जिन्होंने कांग्रेस का काला दौर देखा है। कांग्रेस ने एमपी को बीमारू राज्यों की लाइन में खड़ा कर दिया था।
भाजपा की सरकार ने कांग्रेस के बनाए गड्ढों को भरने के बाद मध्य प्रदेश और चंबल को नई और गौरवपूर्ण पहचान दिलाई है। एमपी के लोग जानते हैं कि समस्या से एक बार पीछा छूट जाए, तो फिर उस समस्या से दूर ही रहना चाहिए। पीएम ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ऐसी ही विकास विरोधी और बहुत बड़ी समस्या है। पीएम ने कहा कि 4 जून के बाद हमारे मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में मध्य प्रदेश का विकास और स्पीड पकड़ने जा रहा है।
पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा के लिए देश से बड़ा और कुछ भी नहीं है। लेकिन, कांग्रेस के लिए अपना परिवार ही सबकुछ है। कांग्रेस की पॉलिसी है, जो देश के लिए सबसे ज्यादा योगदान, मेहनत और समर्पण करे, उसे सबसे पीछे रखो।
इसलिए, कांग्रेस ने इतने वर्षों तक सेना के जवानों की वन रेंक वन पेंशन जैसी मांग पूरी नहीं होने दी। हमने सरकार बनते ही हमने इसे लागू किया। हमने सीमा पर खड़े जवानों की सुविधा की भी चिंता की। कांग्रेस सरकार ने जवानों के जो हाथ बांध रखे थे, हमनें उन्हें भी खुली छूट दे दी।