लाइव न्यूज़ :

कथित पेगासस जासूसी से संबंधित मुद्दों में राष्ट्रीय सुरक्षा का पहलू शामिल होगा: केन्द्र ने उच्चतम न्यायालय से कहा

By भाषा | Updated: August 16, 2021 19:26 IST

Open in App

केंद्र ने सोमवार को उच्चतम न्यायालय को बताया कि कथित पेगासस जासूसी से संबंधित मुद्दों में राष्ट्रीय सुरक्षा के पहलू शामिल होंगे और ऐसा लगता है कि मामले की जांच की मांग करने वाले याचिकाकर्ताओं के प्रयास एक संवेदनशील मामले को ‘‘सनसनीखेज’’ बनाना है। केंद्र सरकार ने उच्चतम न्यायालय से कहा कि पेगासस जासूसी के आरोपों में “छिपाने के लिये कुछ भी नहीं” है और वह इस मामले के सभी पहलुओं के निरीक्षण के लिये प्रमुख विशेषज्ञों की एक विशेषज्ञ समिति बनाएगी केंद्र की ओर से पेश सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने प्रधान न्यायाधीश एन वी रमण की अध्यक्षता वाली पीठ से कहा कि इन मुद्दों पर किसी भी चर्चा या बहस में राष्ट्रीय सुरक्षा का पहलू शामिल होगा। पीठ में न्यायमूर्ति सूर्यकांत और न्यायमूर्ति अनिरुद्ध बोस भी शामिल हैं। पीठ ने इस बात पर चर्चा की कि क्या इस मामले में सोमवार को संक्षिप्त सीमित हलफनामा दाखिल करने वाली केंद्र सरकार को विस्तृत हलफनामा दायर करना चाहिए। न्यायालय इजराइल के जासूसी सॉफ्टवेयर पेगासस से कथित तौर पर जासूसी कराए जाने के मामले की स्वतंत्र जांच कराने के अनुरोध वाली याचिकाओं पर सुनवाई कर रहा है। इस मामले में एक याचिका दायर करने वाले वरिष्ठ पत्रकार एन राम और शशि कुमार की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने कहा कि केंद्र को स्पष्ट रूप से बताना चाहिए कि क्या सरकार या उनकी एजेंसियों ने पेगासस का इस्तेमाल किया है और इसमें राष्ट्रीय सुरक्षा का कोई मुद्दा नहीं होगा। पीठ ने सिब्बल से कहा कि वह किसी को हलफनामा दाखिल करने के लिए बाध्य नहीं कर सकती। मेहता ने कहा कि सरकार क्षेत्र से तटस्थ प्रख्यात विशेषज्ञों को नियुक्त करेगी जो इसकी जांच करेंगे और इसे शीर्ष अदालत के समक्ष रखेंगे। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे नहीं लगता कि सरकार इससे ज्यादा पारदर्शी और निष्पक्ष हो सकती है।’’ उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर संसद में सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) मंत्री द्वारा दी गई प्रतिक्रिया हर पहलू से संबंधित है। सिब्बल ने दलील दी कि केंद्र को एक हलफनामा दाखिल करना चाहिए और यह बताना चाहिए क्या सरकार या उसकी एजेंसियों ने पेगासस का इस्तेमाल किया है या नहीं। उन्होंने कहा कि इस मामले में केंद्र के सीमित हलफनामे में उनके द्वारा उठाए गए मुद्दों का जवाब नहीं है।एक घंटे से अधिक की लंबी सुनवाई के दौरान, मेहता ने पीठ से कहा कि याचिकाकर्ताओं ने एक वेब पोर्टल द्वारा प्रकाशित रिपोर्टों पर भरोसा किया है। उन्होंने कहा, ‘‘हमारे अनुसार, एक झूठी कहानी बनाई गई है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘छिपाने के लिए कुछ भी नहीं है। कृपया सरकार की सच्ची भावना की सराहना करें।’’ पीठ ने कहा कि वह सरकार के खिलाफ कुछ नहीं कह रही है लेकिन कुछ ऐसे क्षेत्र हैं जिनमें समिति नहीं जा सकती है। मेहता ने कहा कि शीर्ष अदालत समिति के नियम और संदर्भ निर्धारित कर सकती है। पीठ ने कहा कि वह मंगलवार को मामले में दलीलें सुनना जारी रखेगी। साथ ही पीठ ने मेहता से कहा, ‘‘यदि आपके दिमाग में कोई बदलाव है, तो आप हमें कल बताएं।’’ याचिकाकर्ताओं में से एक की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता राकेश द्विवेदी ने कहा कि केंद्र की विशेषज्ञों की एक समिति गठित करने संबंधी दलील लोगों के मन में विश्वास नहीं जगाएगी। इसके बजाय, अदालत को एक समिति नियुक्त करनाी चाहिए और उसकी निगरानी करनी चाहिए। सिब्बल ने केंद्र के हलफनामे पर भी आपत्ति जताई जिसमें कहा गया है कि मामले में दायर याचिकाएं ‘‘ अटकलों, अनुमानों” और मीडिया में आई अपुष्ट खबरों पर आधारित हैं। इससे पूर्व पीठ के समक्ष दाखिल हलफनामे में सरकार ने कहा कि केंद्रीय सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव पहले ही कथित पेगासस जासूसी मुद्दे पर संसद में उसका रुख स्पष्ट कर चुके हैं। हलफनामे में कहा गया, “उपर्युक्त याचिका और संबंधित याचिकाओं के अवलोकन भर से यह स्पष्ट हो जाता है कि वे अटकलों, अनुमानों तथा अन्य अपुष्ट मीडिया खबरों तथा अपूर्ण या अप्रमाणिक सामग्री पर आधारित हैं।” हलफनामे में कहा गया कि कुछ निहित स्वार्थों द्वारा दिए गए किसी भी गलत विमर्श को दूर करने और उठाए गए मुद्दों की जांच करने के उद्देश्य से विशेषज्ञों की एक समिति का गठन किया जाएगा। उच्चतम न्यायालय इजराइल के जासूसी सॉफ्टवेयर पेगासस से कथित तौर पर जासूसी कराए जाने के मामले की स्वतंत्र जांच कराने के अनुरोध वाली अनेक याचिकाओं पर सुनवाई कर रही है। इनमें से एक याचिका ‘एडिटर्स गिल्ड ऑफ इंडिया’ ने भी दाखिल की है। ये याचिकाएं इजराइली फर्म एनएसओ के स्पाइवेयर पेगासस का उपयोग करके प्रतिष्ठित नागरिकों, राजनीतिज्ञों और पत्रकारों पर सरकारी एजेंसियों द्वारा कथित तौर पर जासूसी की रिपोर्ट से संबंधित हैं। एक अंतरराष्ट्रीय मीडिया संघ ने बताया है कि 300 से अधिक सत्यापित भारतीय मोबाइल फोन नंबर पेगासस स्पाइवेयर का उपयोग करके निगरानी के लिए संभावित लक्ष्यों की सूची में थे। एडिटर्स गिल्ड ऑफ इंडिया ने पत्रकारों और दूसरों की कथित जासूसी के मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल गठित करने का अनुरोध किया है।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Open in App

संबंधित खबरें

भारतकुत्तों के काटने की घटनाओं को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता?, सुप्रीम कोर्ट ने स्कूलों और अस्पतालों के पास आवारा कुत्तों को हटाने के आदेश को बरकरार रखा?

भारतजमानत नियम और जेल अपवाद, यूएपीए मामले में भी यही नियम?, सुप्रीम कोर्ट ने हंदवाड़ा निवासी सैयद इफ्तिखार अंद्राबी को दी राहत, पासपोर्ट जमा करने और हर 15 दिन में एक बार थाने जाओ?

भारतदिल्ली बार काउंसिल चुनावः मतगणना पर रोक, प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत ने कहा- न्यायालय फैसला नहीं सुनाता, तब तक मतपत्रों की गिनती स्थगित

भारतकभी किसी के विचारों पर आत्मावलोकन भी तो हो!

भारतCJI सूर्यकांत ने अपने बेरोज़गार युवाओं की तुलना 'कॉकरोच' से करने वाले बयान पर दी सफाई

भारत अधिक खबरें

भारत2020 Delhi riots case: अदालत ने बीमार माँ की देखभाल के लिए उमर खालिद को अंतरिम ज़मानत देने से किया इनकार

भारतइंदौर कलेक्टर शिवम वर्मा सहित मप्र के पांच कलेक्टर फेम इंडिया-एशिया पोस्ट की सर्वश्रेष्ठ जिलाधिकारी 2026 सूची में शामिल

भारतFalta Assembly Constituency: 21 मई को फाल्टा में पुनर्मतदान, तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार जहांगीर खान ने उम्मीदवारी वापस ली, वीडियो

भारतशिविर में कुल 67 शिकायत, 30 दिन में करें समाधान नहीं तो 31वें दिन निलंबित?, रेफर नीति अपनाई तो सिविल सर्जन और डॉक्टरों के खिलाफ कार्रवाई?, सम्राट चौधरी ने दी चेतावनी

भारतनो वेटिंग, नो टेंशन! प्रमुख रूटों पर शुरू हुईं समर स्पेशल ट्रेनें, आज ही कराएं बुकिंग, चेक लिस्ट