लाइव न्यूज़ :

दिग्गज पत्रकार की किताब में दावा, सोनिया नहीं इस लड़की से राजीव गांधी की शादी कराना चाहती थीं इंदिरा

By भाषा | Updated: September 30, 2018 13:49 IST

किताब के मुताबिक, इंदिरा चाहती थीं कि दोनों परिवारों के बीच का रिश्ता दोस्ती से आगे बढ़े और इसलिए उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की शादी इस दिग्गज हस्ती की बड़ी बेटी ऋतु से कराने की सोची।

Open in App

नई दिल्ली, 30 सितंबर: राजनीति में प्रभावशाली गांधी-नेहरू परिवार और फिल्मी दुनिया के दिग्गज कपूर परिवार की करीबी जगजाहिर है, मगर यह कम ही लोगों को पता होगा कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी अपने बड़े बेटे राजीव गांधी की शादी जानेमाने अभिनेता दिवंगत राज कपूर की बेटी से कराना चाहती थीं।

पत्रकार रशीद किदवई ने अपनी किताब ‘नेता अभिनेता: बॉलीवुड स्टार पॉवर इन इंडियन पॉलिटिक्स’ में लिखा है कि देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू और दिग्गज अभिनेता रहे पृथ्वीराज कपूर के बीच गहरी दोस्ती थी और इंदिरा के मन में भी कपूर परिवार के लिए बहुत आदर एवं सम्मान था।

किताब के मुताबिक, इंदिरा चाहती थीं कि दोनों परिवारों के बीच का रिश्ता दोस्ती से आगे बढ़े और इसलिए उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की शादी राज कपूर की बड़ी बेटी ऋतु से कराने की सोची।

अपनी किताब में रशीद लिखते हैं, ‘‘ऐसा नहीं है कि इंदिरा गांधी को बॉलीवुड से जुड़ी बहू की तलाश थी या ‘स्टार’ जैसी चीज से उन्हें कोई लगाव था। उनके दिल में कपूर परिवार के लिए सम्मान और आदर था।’’

ब्रिटेन में राजीव-सोनिया का प्यार चढ़ा परवान

हालांकि, राज कपूर की बेटी से राजीव गांधी की शादी कराने की इंदिरा गांधी की चाहत पूरी नहीं हो पाई। राजीव जब पढ़ाई के सिलसिले में ब्रिटेन की कैंब्रिज यूनिवर्सिटी गए तो वहां उनकी मुलाकात सोनिया मायनो (अब सोनिया गांधी) से हुई, दोनों में प्यार हुआ और फिर उन्होंने 1968 में शादी कर ली।

रशीद ने अपनी किताब में यह भी बताया है कि राज कपूर की पोती और बॉलीवुड की मशहूर अदाकारा करीना कपूर ने 2002 में राहुल गांधी को अपनी पसंद बताया था। उन्होंने यह भी लिखा कि कथित तौर पर राहुल भी करीना की फिल्में ‘पहले दिन, पहला शो’ देखने में दिलचस्पी रखते थे।

‘रोंदेवू विद सिमी गरेवाल’ नाम के टीवी शो में जब करीना से पूछा गया था कि किसी ऐसे शख्स का नाम बताएं जिन्हें वह ‘डेट’ करना चाहेंगी। इस पर करीना ने जवाब दिया था, ‘‘मैं कह दूं? मुझे नहीं पता कहना चाहिए कि नहीं....यह विवादित है...राहुल गांधी....मुझे उन्हें जानने-समझने में कोई दिक्कत नहीं है। मैंने उनकी तस्वीरें देखी हैं...और सोचा है कि उन्हें जानना-समझना कैसा रहेगा। मैं फिल्मी खानदान से आती हूं। वह राजनीतिक खानदान से हैं। तो शायद हमारे बीच दिलचस्प बातचीत हो।’’

हालांकि, 2009 में करीना अपने इस बयान से पलट गईं और जब उनसे राहुल के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, ‘‘वो बहुत पुरानी बात है। मैंने ऐसा इसलिए कहा था क्योंकि हम दोनों के सरनेम मशहूर हैं। मैं किसी दिन उनकी मेजबानी करना चाहूंगी। उन्हें प्रधानमंत्री के तौर पर देखना चाहूंगी। लेकिन निश्चित तौर पर मैं उन्हें ‘डेट’ नहीं करना चाहती।’’

जवाहरलाल नेहरू ने राज कपूर की इस फिल्म के बारे में पृथ्वीराज से पूछा था

पत्रकार-लेखिका मधु जैन की किताब ‘दि कपूर्स: दि फर्स्ट फैमिली ऑफ इंडियन सिनेमा’ और राज कपूर की बेटी ऋतु की किताब ‘राज कपूर स्पीक्स’ का हवाला देते हुए रशीद ने ‘नेता अभिनेता’ में एक और दिलचस्प वाकये का जिक्र किया है। उन्होंने लिखा कि राज कपूर की फिल्म ‘आवारा’ रिलीज होने के बाद जब देश-विदेश में सुपरहिट हुई तो एक बार नेहरू ने पृथ्वीराज कपूर से पूछा, ‘‘भई ये ‘वैगाबॉंड’ (आवारा) क्या है जो तुम्हारे बेटे ने बनाई है? जब मैं स्टालिन से मिला तो वो पूरे समय इसी के बारे में बातें कर रहा था।’’

गौरतलब है कि जोसेफ स्टालिन सोवियत संघ के तानाशाह थे।

‘हैचेट इंडिया’ द्वारा प्रकाशित अपनी किताब में रशीद ने बॉलीवुड सितारों और सियासी दुनिया के करीबी रिश्तों के कई किस्से को दिलचस्प अंदाज में बयान किया है।

टॅग्स :राजीव गाँधीइंदिरा गाँधीराज कपूर
Open in App

संबंधित खबरें

भारतफील्ड मार्शल सैम मानेकशॉ: पाक पर 1971 की महाविजय के नायक

भारतIndira Gandhi Birth Anniversary 2025: आज है देश की पहली महिला प्रधानमंत्री का जन्मदिन, जानें 19 नवंबर की तारीख भारतीय इतिहास में क्यों खास?

भारतखाद्य आत्मनिर्भरता की सूत्रधार थीं इंदिरा गांधी

भारतIndira Gandhi: इंदिरा गांधी ने शहादत से पहले देखे थे कई उतार-चढ़ाव

भारत'ऑपरेशन ब्लू स्टार एक गलती थी', पूर्व गृह मंत्री चिदंबरम बोले- "इंदिरा गांधी को अपनी जान देकर इसकी कीमत चुकानी पड़ी"

भारत अधिक खबरें

भारत'Three Allegations, Zero Truth': आम आदमी पार्टी द्वारा राज्यसभा की भूमिका से हटाए जाने के बाद राघव चड्ढा का जवाब

भारतMadhya Pradesh: अनूपपुर ज़िले में चार-मंज़िला होटल गिरने से मलबे में कई लोगों के फँसे होने की आशंका, एक की मौत

भारततमिलनाडु चुनावों के लिए BJP का टिकट न मिलने के बाद अन्नामलाई ने दिया अपना स्पष्टीकरण

भारतलखनऊ सहित यूपी के 17 शहरों में कूड़े का अंबार?, मतदान करने असम गए हजारों सफाईकर्मी, 12 अप्रैल को लौंटेगे?

भारतबारामती विधानसभा सीटः सुनेत्रा पवार के खिलाफ प्रत्याशी ना उतारें?, सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा- निर्विरोध जिताएं, सभी दलों से की अपील