लाइव न्यूज़ :

फिल्मी हस्तियों ने पैरालंपिक में भारत की हैट्रिक पर खुशी प्रकट की

By भाषा | Published: August 29, 2021 8:54 PM

Open in App

अक्षय कुमार, अभिषेक बच्चन, अनिल कपूर, तापसी पन्नू, राजकुमार राव, साई धरम तेज जैसी फिल्मी हस्तियों ने रविवार को तोक्यो पैरालंपिक में क्रमश: दो कांस्य एवं एक रजत पदक जीतने पर भाविनाबेन पटेल, निशाद कुमार एवं विनोद कुमार को बधाई दी। भाविनाबेन पटेल पैरालंपिक में पदक जीतने वाली एकमात्र महिला है जबकि निषाद कुमार ने पुरूषों की ऊंची कूद टी47 स्पर्धा में एशियाई रिकार्ड के साथ रजत पदक जीता। चक्का फेंक एथलीट विनोद कुमार ने रविवार को यहां एशियाई रिकार्ड के साथ पुरूषों की एफ52 स्पर्धा में कांस्य पदक जीता । कुमार ने ट्वीट किया, ‘‘ भाविना पटेल आपको अपने पदक से इतिहास रचने के लिए धन्यवाद। तोक्यो पैरालंपिक में आपकी प्रतिभा और दृढता देखकर मैं अचंभित हूं। ’’ पन्नू ने ट्वीट किया, ‘‘ यह रजत है। और वह भी टेबल टेनिस में पहली बार। भाविनाबेन को बधाई।’’ निषाद कुमार की जीत पर उन्होंने लिखा, ‘‘ आज के लिए एक और (खिताब) । यह रजत है। निषाद कुमार की ऊंची छलांग।’’ अनिल कपूर ने निषाद कुमार को ट्विटर पर इस ‘शानदार जीत’ के लिए बधाई दी। साई धरम तेज ने कहा कि पटेल की जीत के बाद पैरालंपिक में निषाद कुमार और विनोद कुमार ने पदक जीते, भारत ‘आज पदक जीतने में लगा रहा। ’ उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘ निषाद कुमार आपको आपके रजत और विनोद कुमार आपको कांस्य पदक जीतने पर बधाई। आप सभी में साहस और संकल्प भरा है। हमें आप पर गर्व है। रणदीप हुड्डा ने लिखा, ‘‘ तोक्यो पैरालंपिक में निषाद कुमार के लिए शानदार रजत पदक और विनोद कुमार के लिए कांस्य पदक है।’’ बच्चन ने कहा कि पटेल की जीत ने देश का गौरव ‘एक बार फिर’ बढ़ाया है । उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा , ‘‘तोक्यो पैरालंपिक 2021 में शानदार प्रदर्शन के साथ रजत पदक जीतने पर भाविना पटेल को नमन।’’ पटेल को तोक्यो मे टेबल टेनिस क्लास 4 स्पर्धा के महिला एकल फाइनल में रविवार को दुनिया की नंबर एक खिलाड़ी चीन की झाउ यिंग के खिलाफ 0-3 से शिकस्त का सामना करना पड़ा लेकिन वह ऐतिहासिक रजत पदक के साथ पैरालंपिक खेलों में पदक जीतने वाली दूसरी भारतीय महिला खिलाड़ी बनने में सफल रहीं। राव ने इंस्टाग्राम पर लिखा, ‘‘ भारत.. भारत, भाविना पटेल को बधाई।’’ विकी कौशल, पूजा भट्ट और ईशान खट्टर ने भी अपने सोशल मीडिया हैंडल पर यह खबर साझा की। मात्र 12 महीने की उम्र में पोलियो से संक्रमित होने वाली भाविनाबेन ने शनिवार को सेमीफाइनल में चीन की दुनिया की तीसरे नंबर की खिलाड़ी मियाओ झैंग को 7-11, 11-7, 11-4, 9-11, 11-8 से हराया था।इक्कीस वर्षीय निषाद कुमार ने 2.06 मीटर की कूद लगाकर एशियाई रिकार्ड बनाया और दूसरे स्थान पर रहे। अमेरिका के डलास वाइज को भी रजत पदक दिया गया क्योंकि उन्होंने और निषाद कुमार दोनों ने समान 2.06 मीटर की कूद लगायी। बीएसएफ के 41 साल के जवान विनोद कुमार ने 19.91 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो से तीसरा स्थान हासिल किया। वह पोलैंड के पियोट्र कोसेविज (20.02 मीटर) और क्रोएशिया के वेलिमीर सैंडोर (19.98 मीटर) के पीछे रहे जिन्होंने क्रमश: स्वर्ण और रजत पदक अपने नाम किये।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Open in App

संबंधित खबरें

कारोबारगौतम अडानी ने मुकेश अंबानी को पीछे छोड़ा, बने एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति, जानें कितनी है संपत्ति

भारतLok Sabha Elections Result 2024: चार जून को कब शुरू होगी वोटों की गिनती? चुनाव आयोग ने दी जानकारी, जानें यहां

विश्व'पीओके एक विदेशी क्षेत्र है': पाकिस्तान सरकार ने इस्लामाबाद हाईकोर्ट में यह स्वीकारा किया

कारोबारमोदी परिवार में 11,000 करोड़ के बिजनेस पर संकट! गोडफ्रे फिलिप्स CEO समीर का मां पर आरोप

कारोबारखाया है ऐसा आम! जो भारत में बिक रहा 2.5 लाख रु प्रति किलोग्राम, आखिर क्यों है इतना महंगा, यहां जानिए

भारत अधिक खबरें

भारतVIDEO: राहुल गांधी से जब पत्रकारों ने पूछा इंडिया ब्लॉक की कितनी सीटें आएंगी? कांग्रेस नेता ने जवाब में कहा, "आपने सिद्धू मूसेवाला का गाना 295 सुना है?"

भारतPoklok-Kamrang, Sikkim Assembly Election Results 2024 Live Updates: दोनों सीट पर हारे पवन कुमार चामलिंग

भारतSikkim Assembly Election Results 2024: सिक्किम में SKM सत्ता में लौटी, कौन हैं पार्टी प्रमुख प्रेम सिंह तमांग?

भारतएक्जिट पोल के आंकड़ों को अखिलेश यादव ने साजिश बताया, शेयर मार्केट से जोड़ा लिंक, समर्थकों से चौकन्ना रहने की अपील की

भारतArunachal Pradesh Election Result 2024 Live: ऐतिहासिक जीत की ओर भाजपा, 34 पर जीते, 11 पर आगे, कांग्रेस को 1 सीट की बढ़त, जानिए अन्य दल का हाल