पटना: भाजपा नेताओं के बंटेंगे तो कटेंगे वाले नारे पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने निशाना साधते हुए कहा है कि यह तो मवालियों की भाषा है। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग देश को तोड़ने की बात कर रहे हैं। देश के अमन और चैन को खत्म करने की बात कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश अगर जुड़ा रहेगा, तभी तरक्की करेगा और महान बनेगा।
तेजस्वी यादव ने कहा कि यह जहर फैलाने वाली बात कर रहे हैं। बंटेंगे तो कटेंगे की जगह जुटेंगे या जुड़ेंगे कहना चाहिए। जुटेंगे तभी अमन-चैन रहेगा, देश तरक्की करेगा और महान बनेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा के अंदर सकारात्मक सोच नहीं है। भाजपा नीत एनडीए की सरकार ने हिंदुओं के लिए कुछ नहीं किया। ये लोग पढ़ाई, दवाई, शिक्षा, रोजगार और गरीबी के बारे में बात नहीं करते हैं।
तेजस्वी यादव ने कहा कि तोड़ना, नफरत फैलाना, कटना, बंटना ये सब मवालियों की भाषा है। देश टूटेगा तो सबको नुकसान होगा। बिहार में कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करते हुए उन्होंने कहा कि जंगलराज की परिभाषा होनी चाहिए। जंगलराज का आकलन आंकड़ों से होता है।
आंकड़े यह कह रहे हैं कि मौजूदा सरकार में सबसे ज्यादा बलात्कार, अपहरण, हत्या, बैंक लूट के अपराध हो रहे हैं। पुलिस की जांच सही नहीं हो पाती है, अपराधी नहीं पकड़े जाते हैं। पुलिस अगर अपराधियों को अदालत तक लेकर भी चली जाती है तो उन्हें सजा नहीं दिला पाती है। यह सरकार की विफलता है।