Bengaluru Wall Collapse:कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में बारिश की वजह से एक दीवार गिरने से दर्दनाक हादसा हो गया है। इस हादसे में बच्चों समेत कम से कम सात लोगों की जान चली गई। हादसे पर दुख जताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी संवेदनाएं जाहिर की है। एक्स पर जारी किए गए बयान में प्रधानमंत्री ने इस दुर्घटना को "दुर्भाग्यपूर्ण" बताया और शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "कर्नाटक के बेंगलुरु में दीवार गिरने से हुई दुर्घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।"
पीड़ितों के लिए अनुग्रह राशि
PMO ने पीड़ितों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी, जबकि घायलों को 50,000 रुपये मिलेंगे।
अधिकारियों ने बताया कि यह घटना शिवाजीनगर स्थित बॉरिंग और लेडी कर्जन अस्पताल में हुई। उन्होंने बताया कि जब भारी बारिश और तेज़ हवाओं ने इलाके में ज़ोरदार दस्तक दी, तो सात लोग दीवार के पास पनाह ले रहे थे। तभी अचानक दीवार भरभराकर गिर गई, जिससे सातों लोगों की मौत हो गई।
पुलिस और आपातकालीन सेवाओं के कर्मचारी, निवासियों की मदद से मलबे से शवों को निकालने के लिए एक अर्थमूवर (खुदाई मशीन) के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
सीएम सिद्धारमैया ने दुर्घटनास्थल का दौरा किया
घटना के बाद, कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने ग्रेटर बेंगलुरु अथॉरिटी के मुख्य आयुक्त एम. महेश्वर राव और बेंगलुरु पुलिस कमिश्नर सीमांत कुमार सिंह के साथ दुर्घटनास्थल का दौरा किया और स्थिति का जायज़ा लिया। इस दुर्घटना की जांच के आदेश देते हुए, सिद्धारमैया ने घटना में मारे गए प्रत्येक मृतक के परिजनों को 5 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। PTI ने बताया कि सिद्धारमैया ने इस त्रासदी के लिए GBA अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई।
टनास्थल के निरीक्षण के बाद पत्रकारों को जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, "सात लोगों की मौत हो गई है। उनमें से दो बच्चे हैं। सात लोग घायल हैं। वे सभी स्थिर हैं। वे सभी खतरे से बाहर हैं। मैंने डॉक्टरों से कहा है कि वे उनका इलाज मुफ्त में करें।"
उन्होंने आगे कहा, "प्रत्येक मृतक के परिजनों को 5 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। क्योंकि, दुर्भाग्य से, जिनकी मौत हुई है, वे बहुत गरीब लोग हैं - व्यापारी और रेहड़ी-पटरी वाले।"
मुख्यमंत्री कार्यालय के बयान में कहा गया, "बॉरिंग अस्पताल परिसर के पास दीवार गिरने की दुखद घटना के बाद CMO ने सात मौतों की पुष्टि की है।"
पत्रकारों से बात करते हुए उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने कहा, "मैंने पुलिस कमिश्नर से बात की है, इसीलिए मैंने अपनी बैठक बीच में ही खत्म कर दी है, और मैं तुरंत घटनास्थल पर जा रहा हूं। मैं देखूंगा कि हम कैसे मदद कर सकते हैं और क्या करने की जरूरत है।"
वहीं, कर्नाटक विधानसभा में विपक्ष के नेता (LoP) आर. अशोक ने कहा, "यह एक सरकारी अस्पताल की दीवार थी। उन्होंने इसकी कोई देखभाल नहीं की, इसीलिए यह घटना हुई। इसके लिए वे ही ज़िम्मेदार हैं। इसलिए मैं न्यायिक जांच की मांग करता हूं, क्योंकि सात लोगों की जान चली गई है।" कांग्रेस नेता रिज़वान अरशद ने कहा, "यह बहुत ही हृदयविदारक है कि इस घटना में एक छोटी बच्ची की भी जान चली गई। जिन लोगों की मौत हुई, वे बारिश और बिजली गिरने से बचने के लिए दीवार के पास पनाह ले रहे थे... यह दीवार 25-30 साल पहले बनी थी, लेकिन यह इतनी कमज़ोर नहीं दिखती थी कि गिर जाए। सरकार ने जांच की घोषणा की है, इसलिए जल्द से जल्द कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के लिए जो भी ज़िम्मेदार होगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।"