लाइव न्यूज़ :

केरल में दोपहर दो बजे तक 52.41 प्रतिशत मतदान

By भाषा | Updated: April 6, 2021 16:12 IST

Open in App

तिरूवनंतपुरम, छह अप्रैल केरल में कोरोना वायरस महामारी के साये में हो रहे विधानसभा चुनाव में मंगलवार को विभिन्न स्थानों पर तेज मतदान देखने को मिला और दोपहर दो बजे तक 2.74 करोड़ मतदाताओं में से 52.41 प्रतिशत लोगों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।

गर्मी होने के बावजूद विभिन्न मतदान केंद्रों में मतदाताओं की लंबी कतारें लगी हुयी थीं। दोपहर दो बजे तक मतदान करने वालों में 54.31 प्रतिशत पुरुष थे।

अधिकारियों के अनुसार, 50.63 प्रतिशत महिलाओं और 23.87 प्रतिशत ट्रांसजेंडर मतदाताओं ने भी अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।

तलिपरम्बा, धर्मादम, अरूर, चेरतला, वडक्कनचेरी और करुनागपल्ली क्षेत्रों में भारी मतदान हुआ।

मुख्यमंत्री पिनराई विजयन, विपक्ष के नेता, रमेश चेन्निथला, वरिष्ठ कांग्रेस नेता ओमन चांडी, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष के सुरेन्द्रन और 'मेट्रो मैन' ई श्रीधरन दोपहर से पहले मतदान करने वालों में शामिल थे।

चुनाव आयोग के अनुसार, राज्य में 140 सीटों के लिए सुबह सात बजे मतदान शुरू होने के सात घंटे बाद दोपहर दो बजे तक 52.41 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

कन्नूर में पय्यानूर क्षेत्र के एक मतदान केंद्र पर पीठासीन अधिकारी मोहम्मद अशरफ कलाथिल उस समय घायल हो गए जब कथित रूप से माकपा कार्यकर्ताओं ने उन पर हमला कर दिया। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। कलाथिल ने एक ऐसे व्यक्ति को रोका था जो अपने राशन कार्ड के साथ मतदान करने के लिए आया था।

करीब आधे घंटे के लिए मतदान की प्रक्रिया को रोक दिया गया और और एक अन्य अधिकारी को वहां नियुक्त किया गया।

एक अन्य घटना में, कन्नूर के अंदूर क्षेत्र में यूडीएफ के उम्मीदवार अब्दुल रहीद के साथ कथित माकपा कार्यकर्ताओं ने दुर्व्यवहार किया।

इस बीच पठनमथिट्टा जिले और कोट्टायम में मतदान के लिए कतार में खड़े 65 वर्षीय एक व्यक्ति और 75 वर्षीय एक महिला की बेहोश हो कर गिरने के बाद मौत हो गई।

मुख्यमंत्री विजयन ने मतदान करने के बाद संवाददाताओं से बातचीत करते हुए विश्वास जताया कि एलडीएफ की सत्ता में फिर से वापसी होगी। उन्होंने कहा, "मुझे लोगों पर पूरा भरोसा है और वे वाम मोर्चा के साथ हैं।’’

उन्होंने कहा कि उनका मोर्चा 2016 के विधानसभा चुनावों के मुकाबले ज्यादा सीटें जीतेगा और यह 'ऐतिहासिक' जीत होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा ने 2016 में एकमात्र जीत नेमोम सीट पर हासिल की थी और इस बार वहां से ‘हार’ के साथ ही पार्टी का खाता बंद हो जाएगा।

मतदान के दिन भी राज्य में सबरीमला मुद्दे पर तकरार जारी रही और विजयन ने कहा कि भगवान अयप्पा और अन्य सभी देवताओं के भक्त एलडीएफ के साथ होंगे।

वहीं कांग्रेस नेता रमेश चेन्निथला ने कहा कि भक्त वाम मोर्चे को माफ नहीं करेंगे।

राज्य में 957 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं और इनमें विजयन के अलावा, उनके 11 कैबिनेट सहयोगी शामिल हैं।

मलप्पुरम लोकसभा सीट के लिए भी मतदान हो रहा है। पी के कुन्हालीकुट्टी के इस्तीफे के कारण इस सीट पर उपचुनाव कराया जा रहा है। कुन्हालीकुट्टी विधानसभा का चुनाव लड़ रहे हैं।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Open in App

संबंधित खबरें

भारतबारामती विधानसभा उपचुनावः सीएम फडणवीस की बात नहीं मानी?, कांग्रेस ने उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के खिलाफ आकाश मोरे को चुनाव मैदान उतारा

क्रिकेटबेंगलुरु में छक्कों की बौछार के बीच, टिम डेविड की विस्फोटक पारी से CSK के खिलाफ RCB ने बनाया 250/3 का विशाल स्कोर

विश्व5 दिन और न्यायिक हिरासत में रहेंगे पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली और पूर्व गृह मंत्री रमेश लेखक

क्राइम अलर्टपंजाब पुलिस ने सीमा पार से मादक पदार्थ तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया, 2 गिरफ्तार, 4.13 किलोग्राम हेरोइन बरामद

भारतUP की महिला ने रचा इतिहास! 14 दिनों में साइकिल से एवरेस्ट बेस कैंप पहुंचने वाली पहली भारतीय महिला बनीं

भारत अधिक खबरें

भारतLadki Bahin Yojana Row: महाराष्ट्र में 71 लाख महिलाएं अयोग्य घोषित, विपक्ष ने किया दावा, सरकार की जवाबदेही पर उठाए सवाल

भारतयूपी बोर्ड ने 2026-27 के लिए कक्षा 9 से 12 तक NCERT और अधिकृत पुस्तकें अनिवार्य कीं

भारतपाकिस्तान के रक्षामंत्री ख्वाजा आसिफ के कोलकाता पर हमले की धमकी वाले बयान पर सोशल मीडिया पर 'धुरंधर' अंदाज़ में आई प्रतिक्रिया

भारतबिहार में CM नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को सीएम बनाने की मांग को लेकर महिलाओं ने शुरू किया सत्याग्रह

भारतयूपी में स्थापना दिवस के जरिए लोगों के घर-घर पहुंचेगी भाजपा, लोगों को PM मोदी और योगी सरकार की उपलब्धियां बताएँगे पार्टी पदाधिकारी