लाइव न्यूज़ :

Raksha Khadse’s Daughter In Maharashtra: केंद्रीय मंत्री रक्षा खडसे की बेटी को परेशान करने के आरोप में गिरफ्तार 4 में से 3 नाबालिग?, पुलिस एक्शन तेज

By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: March 3, 2025 10:23 IST

Raksha Khadse’s Daughter In Maharashtra: महाराष्ट्र के जलगांव जिले में कार्यक्रम में लड़कों के एक समूह द्वारा उनकी बेटी और उसकी कुछ सहेलियों को परेशान किए जाने के संबंध में रविवार को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई जिसके बाद एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया।

Open in App
ठळक मुद्देमुक्ताईनगर थाने में दर्ज प्राथमिकी में सात लोगों को नामजद किया गया है।सोहम माली नामक एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया है।लड़कों ने 24 फरवरी को एक सार्वजनिक कार्यक्रम में उसके साथ दुर्व्यवहार किया था।

Raksha Khadse’s Daughter In Maharashtra: महाराष्ट्र पुलिस ने केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता रक्षा खडसे की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए तीन नाबालिगों सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। उन्होंने आरोप लगाया था कि जलगांव में एक कार्यक्रम के दौरान उनकी नाबालिग बेटी और अन्य लड़कियों को परेशान किया गया था। रविवार को दर्ज कराई गई पुलिस शिकायत में मंत्री ने कहा कि यह घटना शुक्रवार रात कोठाली गांव में संत मुक्ताई यात्रा के दौरान हुई। मुक्ताईनगर थाने में दर्ज प्राथमिकी में सात लोगों को नामजद किया गया है।

जलगांव में केंद्रीय मंत्री खडसे की पुत्री से अभद्र व्यवहार, प्राथमिकी में सात नामजद, एक गिरफ्तार

केंद्रीय मंत्री रक्षा खडसे ने महाराष्ट्र के जलगांव जिले में एक कार्यक्रम में लड़कों के एक समूह द्वारा उनकी बेटी और उसकी कुछ सहेलियों को परेशान किए जाने के संबंध में रविवार को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई जिसके बाद एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया। शुक्रवार रात कोथली गांव में संत मुक्ताई यात्रा के दौरान यह घटना हुई जिसके संबंध में मुक्ताईनगर थाने में रक्षा खडसे की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गई। मुक्ताईनगर थाने के एक अधिकारी ने बताया कि प्राथमिकी में सात लोग नामजद हैं, जिनमें से सोहम माली नामक एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया है।

उन्होंने कहा कि अन्य आरोपियों को पकड़ने के लिए टीम गठित कर दी गई हैं। अधिकारी ने बताया कि सातों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पोक्सो) अधिनियम के तहत पीछा करने और अन्य अपराधों को लेकर मामला दर्ज किया गया है।

उन्होंने कहा कि सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के प्रावधान भी लगाए गए हैं क्योंकि आरोपियों बिना अनुमति के लड़कियों की तस्वीरें लेने और वीडियो बनाने की कोशिश की थी। उन्होंने कहा कि लड़कियों के साथ मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने सात लोगों के नाम बताए। इससे पहले दिन में, केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता रक्षा खडसे ने पत्रकारों से कहा, ‘‘मैं गुजरात में थी, इसलिए मेरी बेटी ने कार्यक्रम में जाने की अनुमति मांगने के लिए मुझे फोन किया। मैंने उसे एक गार्ड और दो-तीन कर्मियों को साथ जाने को कहा। मेरी बेटी और उसकी सहेलियों का पीछा किया गया तथा उन्हें धक्का दिया गया।

उनकी तस्वीरें ली गईं और वीडियो भी बनाए गए। जब ​​मेरे कर्मियों ने आपत्ति जताई, तो लड़कों ने अनुचित व्यवहार किया और 30- 40 लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई।’’ रक्षा खडसे ने कहा कि जब वह आज सुबह घर लौटीं तो उनकी बेटी ने उन्हें बताया कि उन्हीं लड़कों ने 24 फरवरी को एक सार्वजनिक कार्यक्रम में उसके साथ दुर्व्यवहार किया था।

उन्होंने कहा, ‘‘यह दुर्भाग्यपूर्ण है। यदि ऐसी घटनाएं किसी सांसद या केंद्रीय मंत्री की बेटी के साथ होती हैं, तो कल्पना कीजिए कि आम लोगों को क्या सहना पड़ता होगा।’’ मंत्री ने कहा कि मुक्ताईनगर के कुछ स्थानीय लोगों ने उन्हें बताया कि ये लड़के स्कूल जाते समय लड़कियों को परेशान करते हैं।

खडसे ने कहा, ‘‘मैंने मुख्यमंत्री और पुलिस उपाधीक्षक से बात की है।’’ उन्होंने मांग की कि दोषियों को गिरफ्तार किया जाए। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने रायगढ़ में पत्रकारों से कहा, ‘‘रक्षा खडसे की बेटी को परेशान करने वाले लोग एक राजनीतिक दल से हैं। स्थानीय पुलिस ने उनमें से कुछ को गिरफ्तार कर लिया है और इस संबंध में मामला दर्ज किया है।

उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।’’ रक्षा खडसे के ससुर, पूर्व मंत्री एवं राकांपा (एसपी) नेता एकनाथ खडसे ने कहा, ‘‘पुलिस को पहले भी इन लड़कों के खिलाफ कई शिकायतें मिल चुकी हैं, लेकिन कोई कारगर कदम नहीं उठाया गया। ये लड़के शातिर अपराधी हैं।’’ उन्होंने दावा किया कि महाराष्ट्र में महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़ गए हैं और अपराधियों को पुलिस का कोई डर नहीं है।

एकनाथ खडसे ने कहा, ‘‘लड़कियां शिकायत दर्ज कराने के लिए आगे नहीं आती हैं। माता-पिता चाहते हैं कि उनकी बेटियों के नाम का खुलासा नहीं किया जाए। हमने शिकायत की क्योंकि हमारे पास कोई विकल्प नहीं बचा था।’’ राकांपा (एसपी) नेता ने कहा, ‘‘मैंने पुलिस उपाधीक्षक और पुलिस महानिरीक्षक से बात की है। जब हम पहले थाने गए थे, तो हमें दो घंटे तक बैठाए रखा गया।

पुलिस ने हमें इस मुद्दे पर फिर से विचार करने के लिए कहा क्योंकि यह लड़कियों से संबंधित है। युवकों ने पुलिस के साथ भी मारपीट की है। इन लोगों को राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है।’’ इस घटना पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने दावा किया कि महायुति सरकार में राज्य में कानून व्यवस्था चरमरा गई है।

उन्होंने कहा, ‘‘केंद्रीय मंत्री खडसे की बेटी के साथ गुंडों द्वारा छेड़छाड़ और सुरक्षा गार्ड को धक्का दिए जाने की घटना बेहद चिंताजनक है एवं यह दर्शाती है कि राज्य में महिलाएं और लड़कियां सुरक्षित नहीं हैं।’’ सपकाल ने दावा किया कि खडसे इसलिए थाने में बैठीं क्योंकि उनकी बेटी और अन्य लड़कियों से छेड़छाड़ करने वालों को गिरफ्तार नहीं किया जा रहा था।

सपकाल ने कहा कि गृह विभाग का कामकाज संभाल रहे मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस का ध्यान कानून व्यवस्था पर नहीं है। कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘एक मंत्री की बेटी के साथ सुरक्षाकर्मियों की मौजूदगी में छेड़छाड़ की गई, यह दर्शाता है कि कानून-व्यवस्था चरमरा गई है। फडणवीस को गृह मंत्री के पद से इस्तीफा दे देना चाहिए तथा राज्य में माताओं और बहनों की सुरक्षा के लिए राज्य को पूर्णकालिक सक्षम गृह मंत्री देना चाहिए।’’ कांग्रेस विधायक दल के नेता विजय वडेट्टीवार ने कहा कि पुलिस सुरक्षा में खडसे की बेटी के साथ छेड़छाड़ की खबर महाराष्ट्र में एक सच्चाई है।

उन्होंने दावा किया, ‘‘मंत्री को सीधे थाने जाकर मांग करनी पड़ी कि आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए। हम लंबे समय से कह रहे हैं कि राज्य में पुलिस का अब कोई डर नहीं रह गया है, क्योंकि गैंगस्टर को महायुति का संरक्षण प्राप्त है।’’ वडेट्टीवार ने कहा कि महायुति सरकार को उसकी केंद्रीय मंत्री ने आईना दिखा दिया है।

उन्होंने सवाल किया कि क्या यह घटना मुख्यमंत्री और दोनों उपमुख्यमंत्रियों को जगाएगी? महाराष्ट्र महिला आयोग की अध्यक्ष रूपाली चाकणकर ने कहा कि आयोग मामले में कार्रवाई करेगा और यह सुनिश्चित करेगा कि दोषियों को सजा मिले।

चाकणकर ने संवाददाताओं को बताया कि उन्होंने इस मामले पर पुलिस अधिकारियों से चर्चा की है। इस बीच, राकांपा (एसपी) की महिला इकाई की अध्यक्ष रोहिणी खडसे ने दावा किया कि आरोपी एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना से संबंधित हैं, जो सत्तारूढ़ गठबंधन का हिस्सा है।

टॅग्स :क्राइम न्यूज हिंदीमहाराष्ट्रPoliceJalgaon Police
Open in App

संबंधित खबरें

कारोबार12 ज्योतिर्लिंगों में से एक भीमाशंकर मंदिर पर खर्च होंगे 172.22 करोड़ रुपये, महाराष्ट्र सरकार ने 6 तीर्थ और विरासत स्थलों के लिए 993 करोड़ रुपये मंजूर

भारतमहाराष्ट्र के पालघर में शादी के परिवार को ले जा रहे एक ट्रक की दूसरे ट्रक से टक्कर, 12 की मौत, 20 से ज़्यादा घायल

क्राइम अलर्टउत्तर प्रदेश में वैन और ट्रक की भीषण टक्कर में 10 लोगों की मौत, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा शोक व्यक्त किया

क्राइम अलर्ट16 वर्षीय नाबालिग को बहला-फुसलाकर अगवा किया और रेप?, गोवा निवासी भाई छोटू अरेस्ट

क्राइम अलर्टअब क्या दूं, 1100000 रुपये, 5000000 का सोना, फर्नीचर और स्कॉर्पियो?, लेकिन 18 माह बाद ही 25 साल की बेटी दीपिका को मार डाला?, पिता ने कहा- 50 लाख और फॉर्च्यूनर कार मांगी?

क्राइम अलर्ट अधिक खबरें

क्राइम अलर्टबिहार में पुलिस चला रही है ‘ऑपरेशन लंगड़ा’ अभियान, एक दिन में दो हुए ‘हाफ एनकाउंटर’, सीएम ने किया ऐलान-अपराधी गोली चलाएंगे तो खाएंगे भी

क्राइम अलर्टसासाराम-पटना यात्री ट्रेन में भीषण आग, यात्रियों में दहशत, देखिए वीडियो

क्राइम अलर्टरसोई गैस सिलेंडर से लगी आग, एक ही परिवार के 9 लोग झुलसे, 7 माह का बच्चा भी शामिल

क्राइम अलर्ट90 दिन पहले सोशल मीडिया पर दोस्ती, धलाई से अगरतला पहुंची महिला, आईफोन देने का लालच देकर 'कंटेंट क्रिएटर' होटल ले गया और किया रेप?

क्राइम अलर्टनागौरः कांस्टेबल अमरीश पुरी, उमेश पुरी, रुकमा देवी और नीटू की मौत, रोडवेज बस-कार की आमने-सामने की टक्कर, 4 घायल