हमको साइन करने नहीं आता, इस लायक नहीं?, विधायक अनंत सिंह ने मंत्री बनने के सवाल पर बोले
By एस पी सिन्हा | Updated: April 17, 2026 17:45 IST2026-04-17T17:44:07+5:302026-04-17T17:45:34+5:30
मुख्यमंत्री ने हमारी मांग पर गंभीरता दिखाई है। अनंत सिंह ने कहा कि बिहार में तुरंत शराबबंदी खत्म हो जानी चाहिए।

file photo
मोकामाः मोकामा से जदयू के बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने शुक्रवार को बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि मंत्री बनने में उनकी कोई रूचि नहीं है। दरअसल, मंत्रिमंडल में शामिल होने के सवाल पर पत्रकारों से अनंत सिंह ने साफ कहा कि वह सरकार में जाने के इच्छुक नहीं हैं। उन्होंने मजाकिया लहजे में कहा कि “हमको दस्तखत करने नहीं आता है।” उन्होंने दो टूक कहा कि वे इस लायक नहीं हैं। अनंत सिंह ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात कर कई अहम मुद्दों पर चर्चा की। अनंत सिंह ने कहा कि बिहार में शराबबंदी पूरी तरह सफल नहीं हुई है।
शहर से लेकर गांव तक लोग आज भी शराब पी रहे हैं। फर्क सिर्फ इतना है कि अब लोग छिपकर शराब पीते हैं। अनंत सिंह ने कहा कि वे अपने विधानसभा क्षेत्र की जुड़ी एक मांग को भी मुख्यमंत्री के सामने रखे हैं। उन्होंने कहा कि हमने सम्राट चौधरी को मुख्यमंत्री बनने की बधाई दी है। साथ ही राज्य में शराबबंदी खत्म करने की जरूरत पर बल दिया।
उन्होंने कहा कि मोकामा में एक अस्पताल निर्माण को लेकर हमने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है। मुख्यमंत्री ने हमारी मांग पर गंभीरता दिखाई है। अनंत सिंह ने कहा कि बिहार में तुरंत शराबबंदी खत्म हो जानी चाहिए। शराबबंदी से बहुत घाटा है। जब से शराबबंदी हुआ है तब से युवा सूखा नशा कर रहे हैं अब पूरी युवा पीढ़ी बर्बाद हो रही है।
ऐसे में शराबबंदी को खत्म करने पर विचार किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि हम मुख्यमंत्री सम्राट से अपील करेंगे कि वे शराबबंदी से हो रही सामाजिक परेशानियों पर गौर करें और इसे खत्म करें। उन्होंने कहा कि जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत को मंत्रिमंडल में शामिल होना चाहिए। नहीं होने से लोग बहुत दुखी हैं।
हम नीतीश कुमार से मिलकर कहेंगे कि उनको किसी हालत में मंत्रिमंडल में शामिल होना चाहिए लेकिन वह तैयार नहीं है। उन्होंने ने कहा कि इस बिहार का मालिक सिर्फ नीतीश कुमार है और सरकार उन्हीं के कहने पर उन्हीं के छत्रछाया में उन्हीं के मार्गदर्शन में चलेगी। सम्राट चौधरी युवा हैं और नीतीश के मार्ग दर्शन में काम करेंगे।
उन्होंने कहा कि बिहार में जहां भी विकास कार्यों की जरूरत होगी, सरकार उसे पूरा करने का प्रयास करेगी। नीतीश कुमार के कार्यकाल का जिक्र करते हुए अनंत सिंह ने कहा कि नीतीश जी के सुशासन को आगे बढ़ाया जाएगा और उन्हें झुकने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को नवयुवक बताते हुए कहा कि वह ज्यादा काम करेंगे और पुराने अनुभव के साथ नई ऊर्जा का तालमेल देखने को मिलेगा। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में काम करती रहेगी।
कानून-व्यवस्था को लेकर पूछे गए सवाल पर अनंत सिंह ने कहा कि बिहार में अब बड़े अपराधी नहीं बचे हैं। उन्होंने दावा किया कि “छोटे-मोटे अपराधी हैं, ज्यादातर स्मैक पीने वाले हैं, लेकिन बड़ा कोई अपराधी अब नहीं है। वहीं, विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव पर भी अनंत सिंह ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि “तेजस्वी यादव क्या हैं, उनकी बात मत कीजिए। वह सिर्फ लालू प्रसाद यादव के बेटे हैं, इसलिए उनका नाम लोग जानते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि तेजस्वी में कोई खास राजनीतिक क्षमता नहीं है और चुनाव में भी उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।