लॉस एंजिल्स: निर्देशक एसएस राजामौली की आरआरआर (RRR) हर गुजरते दिन के साथ इतिहास रच रही है। जूनियर एनटीआर और राम चरण स्टारर आरआरआर ने हाल ही में क्रिटिक्स च्वाइस अवार्ड्स में सर्वश्रेष्ठ विदेशी भाषा की फिल्म का खिताब जीता, जो फेयरमोंट सेंचुरी प्लाजा, लॉस एंजिल्स में हुआ था। एसएस राजामौली और उनके बेटे एसएस कार्तिकेय पुरस्कार लेने के लिए मंच पर पहुंचे।
पिछले हफ्ते फिल्म ने प्रतिष्ठित गोल्डन ग्लोब्स 2023 में सर्वश्रेष्ठ मूल गीत का पुरस्कार जीता था। एसएस राजामौली, जूनियर एनटीआर और राम चरण ने अपने-अपने पार्टनर्स के साथ लॉस एंजिल्स में गोल्डन ग्लोब्स 2023 में भाग लिया था। वहीं, फिल्म के गाने नाटू-नाटू ने प्रतिष्ठित पहचान हासिल की है। गोल्डन ग्लोब्स के बाद आरआरआर ने अब लॉस एंजिल्स में क्रिटिक्स च्वाइस अवार्ड्स में सर्वश्रेष्ठ विदेशी भाषा की फिल्म का पुरस्कार जीता है।
उसी की घोषणा करते हुए क्रिटिक्स च्वाइस अवार्ड्स के आधिकारिक ट्विटर हैंडल ने लिखा, "क्रिटिक्स च्वाइस अवार्ड के सर्वश्रेष्ठ विदेशी भाषा फिल्म पुरस्कार को जीतने के लिए आरआरआर मूवी के कास्ट और क्रू मेंबर्स को बधाई।" टीम आरआरआर ने अपने ट्विटर अकाउंट पर एक वीडियो साझा करते हुए लिखा, "नाटू-ना अगेन!! यह साझा करते हुए बेहद खुशी हुई कि हमने सर्वश्रेष्ठ गीत के लिए क्रिटिक्स च्वाइस अवार्ड जीता।"
जानें आरआरआर के बारे में
आरआरआर एक काल्पनिक पीरियड ड्रामा है, जो दो तेलुगु स्वतंत्रता सेनानियों, अल्लूरी सीताराम राजू और कोमाराम भीम के जीवन पर आधारित है, जो क्रमशः राम चरण और जूनियर एनटीआर द्वारा निभाए गए हैं। यह फिल्म डीवीवी दानय्या द्वारा लगभग 550 करोड़ रुपये के विशाल बजट पर बनाई गई थी। फिल्म ने विश्व स्तर पर 1200 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई की और अभी भी जापान में सफलतापूर्वक चल रही है।
जूनियर एनटीआर और राम चरण के अलावा फिल्म में आलिया भट्ट, अजय देवगन, रे स्टीवेन्सन, एलिसन डूडी, ओलिविया मॉरिस, श्रिया सरन और समुथिरकानी भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं। एमएम केरावनी ने संगीत तैयार किया, जिसने गोल्डन ग्लोब्स 2023 जीता।