चीन में अभी एक दिलचस्प घटना हुई. एक विश्वविद्यालय में नृत्य का कार्यक्रम चल रहा था. अब चूंकि जमाना रोबोट का है और चीन दुनिया को यह दिखाना चाहता है कि रोबोटिक टेक्नोलॉजी में उसका कोई टक्कर नहीं है तो वह तरह-तरह के रोबोट बना रहा है. वहां अब नृत्य कार्यक्रमों में रोबोट का नृत्य करना कोई अजूबी घटना नहीं है. लोग रोबोट के नृत्य का खूब लुत्फ लेते हैं. मगर समस्या तब पैदा हो गई जब एक रोबोट ने एक लड़की को अचानक गले लगा लिया.
हालांकि कुछ ही मिनटों में लड़की को रोबोट से अलग कर लिया गया लेकिन यह सवाल तो पैदा हुआ ही कि रोबोट ने ऐसा क्यों किया? आपने रजनीकांत और ऐश्वर्या राय की फिल्म रोबोट देखी होगी. उसमें चिट्टी नाम का एक रोबोट रहता है जिसकी भावनाएं इतनी विकसित हो जाती हैं कि वह ऐश्वर्या राय से मोहब्बत करने लगता है. तो क्या चीन के विश्वविद्यालय में एक लड़की को देखकर रोबोट की भावनाएं प्रबल हो गईं?
वहां मौजूद लोगों को पहली नजर में ऐसा ही लगा लेकिन रोबोट बनाने वाली कंपनी का कहना है कि नृत्य में कई सारे रोबोट थे, ड्रोन भी थे और इन सबके सिग्नल के घालमेल के कारण रोबोट को गलत संकेत मिला होगा. फिलहाल जांच चल रही है लेकिन इससे यह सवाल तो पैदा हुआ ही है कि आप किसी खास कार्यक्रम के लिए जब ढेर सारे रोबोट का उपयोग करेंगे तो इस तरह के सिग्नल का घालमेल होने की आशंकाएं हमेशा बनी रहेंगी.
अभी पिछले साल ही चीन में एक रोबोट अनियंत्रित हो गया था और भीड़ पर हमला बोलने के लिए आगे बढ़ गया था. हालांकि उसे नियंत्रित कर लिया गया लेकिन यह आशंका तो प्रबल हो ही गई है कि रोबोट का भी दिमाग खराब हो सकता है.
आप इंसान को ही देखें, यदि दिमाग के नैसर्गिक प्रोग्रामिंग में जरा सी भी खोट पैदा हो जाती है तो व्यक्ति का दिमाग ठीक तरह से काम नहीं करता है. सामान्य सी भाषा में हम कहते हैं कि वो व्यक्ति पागल हो गया है! तो क्या रोबोट के साथ ऐसा नहीं हो सकता? रोबोट बनाने वाला जिस तरह की प्रोग्रामिंग करेगा, उस प्रोग्रामिंग में यदि कोई चूक हो गई तो क्या रोबोट पागल नहीं हो जाएगा?
वक्त के साथ इन सारे सवालों के जवाब तलाशने होंगे. निश्चय ही रोबोट अच्छी रचना है. मेडिकल क्षेत्र से लेकर युद्ध के मैदान तक रोबोट ने मनुष्य की बहुत सहायता की है और खतरे को कम किया है लेकिन जब हम जिंदगी के हर क्षेत्र में रोबोट को शामिल कर लेंगे तो हमें सावधानियां भी बहुत बरतनी पड़ेंगी. गले मिलने तक की बात तो समझ में आती है. यह थोड़ा दिलचस्प भी रहा होगा लेकिन रोबोट यदि गले पड़ जाए तो फिर क्या होगा?