न्यूयोर्क, 22 मार्च; फेसबुक यूजर्स के डेटा लीक स्कैंडल को लेकर फेसबुक के सीईओ मार्क जकरबर्ग ने अपनी गलती मान ली है। उन्होंने कहा कि यूजर्स की प्रिवेसी को बनाए रखने के लिए हम इसपर जल्द काम करना शुरू कर देंगे। मार्क जकरबर्ग ने 21 मार्च की रात (भारत के समय अनुसार) तकरीबन 1 बजे फेसबुक पर पोस्ट कर के इस बात की जानकारी दी है।
उन्होंने कहा कि साफ शब्दों में फेसबुक कंपनी की गलती मानते हुए कहा कि यह हमारी जिम्मेदारी थी कि हम अपने यूजर्स के डेटा की सुरक्षा करें, जिसमें हमसे से चूक हो गई है। यह हमारे लिए विश्वास में सेंध लगने जैसा है। हमारे यूर्जस अपनी जानकारी साझा करते वक्त इस बात की उम्मीद करते हैं कि हम इस डाटा की सुरक्षा करेंगे। हमारी टीम ने इस मामले पर काम करना शुरू कर दिया है। हम इस समस्या को गंभीर रूप से देख रहे हैं।
जकरबर्ग ने आगे कहा, हम यह समझने की कोशिश कर रहे हैं कि यह हुआ कैसे। साथ ही यह सुनिश्चित करने की भी कोशिश करेंगे कि दोबारा ऐसा न हो सके। आपके डाटा की सुरक्षा हमारी जिम्मेदारी है और अगर हम यह भी नहीं कर पाए तो आपके लिए हमें काम करने का भी हक नहीं है।
क्या है मामला
शुक्रवार 16 मार्च को कैम्ब्रिज एनालिटिका की ओर से फेसबुक से गलत ढंग से 5 करोड़ लोगों के डेटा को हासिल करने की बात सामने आई थी। इस मामले के बाद से ही मार्क जकरबर्ग और शेरिल सैंडबर्ग ने चुप्पी साधी हुई थी। कैम्ब्रिज एनालिटिका का दावा है कि इस लीक हुए डेटा के जरिए अमेरिका के राष्ट्रपति चुनाव को प्रभावित करने का कमा किया गया था।