googleNewsNext

केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे हुए कोरोना पॉजिटिव, खुद ट्वीट कर दी जानकारी

By गुणातीत ओझा | Published: December 28, 2020 11:07 PM2020-12-28T23:07:20+5:302020-12-28T23:08:41+5:30

केंद्रीय मंत्री व बक्सर के सांसद अश्विनी कुमार चौबे कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं। उन्होंने खुद ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है।

केंद्रीय मंत्री व बक्सर के सांसद अश्विनी कुमार चौबे कोरोना पॉजिटिव (Ashwini Kumar Choubey Corona Positive) हो गए हैं। उन्होंने खुद ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है। केंद्रीय मंत्री ने लिखा है कि कोरोना के शुरूआती लक्षण दिखने पर मैंने आज टेस्ट करवाया और रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मेरी तबीयत ठीक है, डॉक्टर्स की सलाह पर होम आइसोलेशन में सभी दिशा-निर्देशों का पालन कर रहा हूं। मेरा अनुरोध है, जो भी लोग गत कुछ दिनों में संपर्क में आए हैं, कृपया खुद को आइसोलेट कर अपनी जांच करवा लें।

बहरहाल, देशभर में इस समय कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों में गिरावट दर्ज की जा रही है, लेकिन मंत्री, सांसद और विधायक लगातार इसकी चपेट में आ रहे हैं। इसी लिस्‍ट में केंद्रीय स्वास्थ्य व परिवार कल्याण राज्यमंत्री अश्विनी कुमार चौबे का नाम जुड़ गया है। वह बिहार से केंद्रीय राजनीति में आने वाले दिग्‍गज भाजपा नेता हैं।

बिहार में कोविड-19 के मामले 2.5 लाख के पार

बिहार में कोरोना वायरस संक्रमण के कुल 2,50,449 मामले हो गए। जबकि इस बीमारी की वजह से मरने वालों का आंकड़ा 1,379 हो गया है। बिहार में इस समय 5,085 मरीजों का इलाज चल रहा है और अब तक कुल 2,43,985 रोग से उबर चुके हैं। इसके अलावा राज्‍य सरकार ने अब तक 1.77 करोड़ नमूनों की कोविड-19 की जांच की है। यही नहीं, नीतीश सरकार लगातार कोरोना वायरस की महामारी पर काबू करने के लिए सख्‍ती बरत रही है।

देश में करीब 98 लाख से ज्यादा लोग रिकवर

स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के अनुसार, भारत में कोरोना के कुल मामले बढ़कर 1 करोड़ दो लाख हो गए हैं। इनमें से अब तक एक लाख 47 हजार 901 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है। कुल एक्टिव केस घटकर 2 लाख 77 हजार पर आ गए। अब तक कुल 97 लाख 82 हजार लोग कोरोना को मात देकर ठीक हो चुके हैं।

टॅग्स :कोरोना वायरसबिहार समाचारभारतीय जनता पार्टी (बीजेपी)CoronavirusBihar newsBharatiya Janata Party (BJP)