प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मां हीराबेन को दी अंतिम विदाई, गांधीनगर में किया गया अंतिम संस्कार

By संदीप दाहिमा | Published: December 30, 2022 12:18 PM2022-12-30T12:18:13+5:302022-12-30T12:23:05+5:30

Next

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मॉं हीराबेन मोदी पंचतत्व में विलीन हो गईं। पीएम मोदी ने अपने भाइयों के साथ मिलकर पार्थिव शरीर को मुखाग्नि दी।

हीराबेन मोदी का पार्थिव शरीर गांधीनगर के श्मशान घाट लाया गया था, जहां उनका अंतिम संस्कार किया गया। हीराबेन मोदी का शुक्रवार सुबह 100 साल की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने अहमदाबाद के यूएन मेहता इंस्टीट्यूट ऑफ कार्डियोलॉजी एंड रिसर्च सेंटर में तड़के 3:30 बजे अंतिम सांस ली।

मंगलवार देर रात सांस लेने में तकलीफ होने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्हें कफ की शिकायत भी थी। मॉं के निधन के बाद पीएम मोदी तुरंत अहमदाबाद के लिए रवाना हुए।

सुबह भाई के घर पहुंचे जहां दिवंगत मॉं हीराबेन को उन्होंने श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उनकी अंतिम यात्रा शुरू हुई। पीएम मोदी ने भाइयों के साथ मिलकर मॉं के पार्थिव शरीर को कंधा दिया।

प्रधानमंत्री मोदी ने शुक्रवार ट्वीट कर मां हीराबा के निधन की जानकारी दी। उन्होंने ट्वीट में लिखा- शानदार शताब्दी का ईश्वर चरणों में विराम। मां में मैंने हमेशा उस त्रिमूर्ति की अनुभूति की है, जिसमें एक तपस्वी की यात्रा, निष्काम कर्मयोगी का प्रतीक और मूल्यों के प्रति प्रतिबद्ध जीवन समाहित रहा है।

पीएम की मॉं हीराबने के निधन पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, राष्ट्रपति द्रौदपी मूर्मु, डेमोक्रेटिक आजाद पार्टी के अध्यक्ष गुलाम नबी आजाद, त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शोक व्यक्त किया। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने भी हीराबा के निधन पर दुख जताया। इसके साथ ही मनोरंजन जगत की कई मशहूर हस्तियों ने भी हीराबा के निधन पर अपनी शोक संवेदनाएं व्यक्त की।